बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में मात्र 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्याज की खुदरा बिक्री शुरू कर दी है. उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने कृषि भवन से इस विशेष वितरण अभियान की शुरुआत की. नासिक से 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन के जरिए सरकारी बफर स्टॉक दिल्ली पहुंच चुका है, जिसके बाद NCCF और NAFED के जरिए चुनिंदा आउटलेट्स और मोबाइल वैन से सस्ते प्याज बांटे जा रहे हैं.
कहां-कहां मिल रहा है 35 रुपये किलो सस्ता प्याज?
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में स्थित NCCF और भारत ब्रांड के आउटलेट्स पर जाकर आप रियायती दरों पर प्याज खरीद सकते हैं.
- आश्रम चौक: NAFED हाउस, सिद्धार्थ एनक्लेव, रिंग रोड, आश्रम चौक, नई दिल्ली – 110014
- दिलशाद गार्डन: जीटीबी हॉस्पिटल रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स, दुकान नंबर 1 से 6, दिलशाद गार्डन, नई दिल्ली
- मोतीबाग: न्यू मोतीबाग क्लब हाउस, होटल लीला पैलेस के पास, नई दिल्ली – 110023
- बदरपुर: कोऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट, मोहन कोऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट एक्सटेंशन, ब्लॉक ई, बदरपुर, नई दिल्ली – 110044
- पीतमपुरा: जय बागलामुखी इको फ्यूल स्टेशन, रोड नंबर 43, जोन H4 और H5, पीतमपुरा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, नई दिल्ली – 110034
- ग्रेटर नोएडा: इंडियन ऑयल पंप CCO, III, आईटीबीपी गोल चक्कर, जेपी ग्रीन्स सेक्टर PI 1 के पास, ग्रेटर नोएडा – 201312
- नई दिल्ली (सेंट्रल): कर्तव्य भवन (दुकान नंबर 2, एमिनिटीज एरिया, साउथ साइड, इंडिया गेट), कृषि भवन (दुकान नंबर 5, गेट नंबर 1 के पास) और दिल्ली पुलिस मुख्यालय (जय सिंह रोड)
- ईस्ट किदवई नगर, जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर, द्वारका (रेणुका टावर, मयंक एन्क्लेव) और सूर्य नगर (विवेक विहार के सामने).
मोबाइल वैन से खरीदने के नियम
उपभोक्ता मामलों के विभाग के मुताबिक, दिल्ली में कुल 140 केंद्रों और मोबाइल वैन के जरिए यह बिक्री की जा रही है. NAFED और NCCF की तरफ से राजधानी में करीब 40 मोबाइल वैन भी उतारी गई हैं, जो उन इलाकों में घूम-घूमकर प्याज बेचेंगी जहां पर सीधे स्टोर नहीं हैं. 4-5 दिनों के भीतर लखनऊ और वाराणसी जैसे अन्य शहरों में भी मोबाइल वैन के जरिए यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी. सरकार का यह कदम खुदरा बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने में बेहद मददगार साबित हो रहा है.
NCCF के चेयरमैन ने दी पूरी जानकारी
NDTV से खास बातचीत में NCCF के चेयरमैन विशाल सिंह ने इस पूरी योजना और सरकार की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि किस तरह से बफर स्टॉक का सही इस्तेमाल कर कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है:
दिल्ली-एनसीआर में व्यापक वितरण व्यवस्था की गई है. NCCF ने दिल्ली और एनसीआर में कुल 140 केंद्रों, आउटलेट्स और मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री शुरू कर दी है. इसमें NCCF के 10 रिटेल आउटलेट्स और 'भारत ब्रांड' की 105 दुकानें शामिल हैं. इसके अलावा राजधानी में 15 मोबाइल वैन भी उतारी गई हैं, जबकि NAFED भी अपनी मोबाइल वैन के जरिए सस्ते प्याज की बिक्री कर रहा है.
एक परिवार को एक किलो प्याज
ज्यादा से ज्यादा परिवारों तक यह सुविधा सुगमता से पहुंचे, इसके लिए विशेष रूप से एक-एक किलोग्राम के बैग तैयार कराए गए हैं. फिलहाल कालाबाजारी रोकने और सुचारू वितरण के लिए एक व्यक्ति एक बार में 1 किलो प्याज ही खरीद सकता है.
बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र के नासिक से 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेनों और ट्रकों के जरिए सरकारी बफर स्टॉक मंगाया जा रहा है. सरकार की यह लॉजिस्टिक्स पहल उत्पादन केंद्रों से सीधे बड़े शहरों तक प्याज की आवाजाही को बेहद आसान बनाती है. पिछले वित्त वर्ष (2025-26) में इस पहल के तहत देश भर के 16 शहरों में 86 रेलवे रेक के जरिए लगभग 88,000 मीट्रिक टन प्याज पहुंचाया गया था, जो इसके बड़े पैमाने पर विस्तार को दर्शाता है.
देश के अन्य शहरों में भी होगी शुरुआत
चेयरमैन विशाल सिंह ने स्पष्ट किया कि कुछ जगहों पर कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के कारण कीमतें बढ़ी हैं. इसे देखते हुए शुरुआती चरण में देश के 5 राज्यों को चुना गया है. आने वाले चार से पांच दिनों के भीतर लखनऊ, वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में भी NCCF के रिटेल केंद्रों और मोबाइल वैन के माध्यम से सस्ता प्याज मिलना शुरू हो जाएगा.
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार के इन कड़े और त्वरित कदमों के चलते अगले दो से तीन दिनों में खुदरा बाजार में प्याज की कीमतों पर लगाम लगेगी और उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: सोने की चमक इंटरनेशनल मार्केट में फीकी पड़ी, जानिए यहां भारतीय बाजार में क्या हैं गोल्ड-सिल्वर के भाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं