विज्ञापन

Delhi Metro ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक से मिलाया हाथ, 'On-the-Go' कार्ड से मेट्रो और बसों में आसान होगा सफर

DMRC Airtel ये को-ब्रांडेड कार्ड एक ओपन-लूप कार्ड के रूप में काम करेंगे. इसका मतलब है कि यात्री अब केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी शहर में मेट्रो, बसों और अन्य परिवहन नेटवर्क पर एक ही कार्ड से भुगतान कर सकेंगे.

Delhi Metro ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक से मिलाया हाथ, 'On-the-Go' कार्ड से मेट्रो और बसों में आसान होगा सफर
DMRC-Airtel Payments Bank Partnership: इस कार्ड से मेट्रो और बस में सफर होगा आसान

दिल्‍ली मेट्रो और एयरटेल पेमेंट्स बैंक के बीच पार्टनरशिप से एक को-ब्रैंडेड कार्ड लॉन्‍च किया गया है, जो देश के अलग-अलग शहरों में मेट्रो में सफर आसान करेगा. इंटीग्रेटेड शहरी परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, DMRC और एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने RuPay 'On-The-Go' कार्ड लॉन्च किए हैं. नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) तकनीक से लैस ये कार्ड यात्रियों को 'एक राष्ट्र, एक कार्ड' की सुविधा देंगे.

इस पहल की सबसे बड़ी खासियत ये है कि ये को-ब्रांडेड कार्ड (डेबिट और प्रीपेड) एक ओपन-लूप कार्ड के रूप में काम करेंगे. इसका मतलब है कि यात्री अब केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी शहर में मेट्रो, बसों और अन्य परिवहन नेटवर्क पर एक ही कार्ड से भुगतान कर सकेंगे. यह दिल्ली मेट्रो के मौजूदा कार्डों की तुलना में एक बड़ा सुधार है, जो केवल दिल्ली-एनसीआर तक ही सीमित थे.

10 दिनों में स्टेशनों पर होंगे उपलब्ध

दिल्ली मेट्रो मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान बताया गया कि ये कार्ड अगले 10 दिनों के भीतर सभी डीएमआरसी स्टेशनों पर उपलब्ध हो जाएंगे. इसके साथ ही यात्रियों को रिचार्ज के लिए लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं होगी; वे डीएमआरसी ऐप या एयरटेल ऐप के माध्यम से कभी भी अपने कार्ड को डिजिटल रूप से रिचार्ज कर सकेंगे.

अधिकारियों ने क्‍या कहा? 

DMRC के MD डॉ विकास कुमार ने कहा कि यह साझेदारी यात्रियों के लिए न केवल दिल्ली मेट्रो के भीतर, बल्कि पूरे देश में कई परिवहन प्रणालियों में बिना किसी रुकावट के यात्रा को संभव बनाएगी.

एयरटेल पेमेंट्स बैंक के MD और CEO अनुब्रत बिस्वास ने इस भागीदारी को सुरक्षित और डिजिटल-फर्स्ट समाधानों के जरिए शहरी आवाजाही को आधुनिक बनाने की दिशा में एक साझा सोच बताया.

पुरानी व्यवस्था भी रहेगी जारी 

डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि पहले से जारी वर्तमान कार्ड हमेशा की तरह काम करते रहेंगे. हालांकि, बैंक और मेट्रो प्रशासन अब एनसीएमसी कार्डों की बिक्री और डिजिटल पेमेंट्स को बढ़ावा देने पर अधिक ध्यान केंद्रित करेंगे, जिससे बैंकिंग और ट्रांसपोर्ट मिलकर यात्रियों को एक एकीकृत अनुभव प्रदान कर सकें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com