Oil Prices Today: कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेज उछाल आया है. मई के बाद पहली बार ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और रूस-यूक्रेन जंग के चलते तेल की सप्लाई प्रभावित होने का डर बढ़ रहा है. इसी वजह से बाजार में कच्चे तेल की कीमतें चढ़ रही हैं. इस साल अब तक क्रूड ऑयल 70% से ज्यादा महंगा हो चुका है.
क्यों लगी कच्चे तेल में आग?
तेल की सप्लाई जल्द सामान्य होने की उम्मीद कमजोर पड़ रही है. शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड में 3.7% की तेजी आई. बाजार में यह चिंता बढ़ रही है कि मिडिल ईस्ट और रूस से जुड़े संघर्ष के कारण दुनिया को जरूरत के मुताबिक तेल और उससे बने ईंधन की सप्लाई मिलना मुश्किल हो सकता है.सऊदी अरब पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं. दूसरी ओर, रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहे हैं. इससे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता और बढ़ गई है.
रूस के डीजल पर भी फंसा पेंच
अमेरिका में सांसदों ने शुक्रवार को एक बिल पेश किया, जिसका मकसद रूस से कई सौ मिलियन बैरल डीजल जारी करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डील को रोकना है. इस कदम के पीछे रूस को युद्ध के लिए ज्यादा पैसा जुटाने से रोकने की कोशिश बताई गई है.अगर ग्लोबल मार्केट में रूसी डीजल की सप्लाई नहीं आती है, तो दूसरे देशों की रिफाइनरियों को मांग पूरी करने के लिए ज्यादा कच्चा तेल प्रोसेस करना पड़ सकता है.
ट्रंप ने फिर कहा है कि रूस डीजल जारी करने की योजना पर आगे बढ़ेगा. हालांकि, इस डील को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.रूस के रियाजान ऑयल रिफाइनरी पर हाल में हुए हमले के बाद वहां कामकाज रोकना पड़ा था. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, काला सागर के आसपास जारी तनाव ने भी सप्लाई की चिंता बढ़ाई है.
डीजल के दाम में भी बड़ी तेजी
कच्चे तेल के साथ उससे बनने वाले ईंधन की कीमतें भी तेजी से बढ़ रही हैं. यूरोप में डीजल फ्यूचर्स के दाम इस साल दोगुने से ज्यादा हो चुके हैं. फिजिकल मार्केट में भी सप्लाई की कमी के संकेत मिल रहे हैं.
क्या और बढ़ सकता है तनाव?
बाजार की नजर अब फारस की खाड़ी के हालात पर है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है. अगर संघर्ष और बढ़ता है और तेल की सप्लाई प्रभावित होती है, तो कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है.
यह भी पढ़ें | पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ेंगे? तेल गैस सप्लाई पर फिर मंडरा रहा खतरा, वित्त मंत्रालय ने भी रिपोर्ट में माना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं