विज्ञापन

भारतीय रुपया मजबूत हुआ, डॉलर के मुकाबले 24 पैसे चढ़ा, कच्‍चा तेल गिरा, जानिए शेयर बाजार का क्‍या है हाल 

आज बुधवार को रुपये में बढ़त है. कच्‍चे तेल में गिरावट है. हालांकि भारतीय शेयर बाजार में मिला जुला कारोबार हो रहा है. अच्‍छी बात ये है कि विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार में पैसा झोंक रहे हैं.

भारतीय रुपया मजबूत हुआ, डॉलर के मुकाबले 24 पैसे चढ़ा, कच्‍चा तेल गिरा, जानिए शेयर बाजार का क्‍या है हाल 
भारतीय करेंसी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुई है.
Source: NDTV Graphics/Canva

हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय रुपये में मजबूती देखी गई है. रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 24 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.27 पर पहुंच गया. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पूंजी के भारी प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला.

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये में मजबूती मुख्य रूप से रातोंरात अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट से आई है. इससे भारत की आयात लागत और महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुई हैं.

इंटर बैंक फॅारेन एक्‍सचेंज में डॉलर के मुकाबले रुपया 93.47 पर खुला और बढ़त हासिल करते हुए 93.27 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 24 पैसे की बढ़त है.

बता दें कि रुपया मंगलवार को 43 पैसे मजबूत होकर सात महीने के उच्च स्तर 93.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.  इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत बढ़कर 103.60 पर रहा.

कच्‍चे तेल और शेयर बाजार का क्‍या हाल? 

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.46 प्रतिशत फिसलकर 92.71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं दूसरी ओर घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 75.10 अंक फिसलकर 82,482.30 अंक पर और निफ्टी 26.95 अंक टूटकर 25,355.65 अंक पर आ गया. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,195.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव बनाने का काम मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कर रहे थे. सूचकांकों में निफ्टी मेटल और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स गेनर्स थे. निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी आईटी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी पीएसई, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी ऑटो, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी इन्फ्रा लाल निशान में थे. 

दूसरी तरफ निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी फार्मा और निफ्टी मीडिया हरे निशान में थे. मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हो रहा था. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 177 अंक या 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 61,552 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 7 अंक की मामूली तेजी के साथ 19,405 पर था. 

मार्केट एक्‍सपर्ट की क्‍या है राय?

जानकारों ने कहा कि नवंबर में अब तक निफ्टी में 10 प्रतिशत से ज्यादा की तेज उछाल के बाद, बाजार में कभी भी मामूली गिरावट आ सकती है. हालांकि, ऐसी गिरावट पर खरीदारी होने की संभावना है, क्योंकि अभी बाजार में तेजी लाने वालों निवेशकों का दबदबा है. सबसे अहम बात यह है कि भारतीय कंपनियों की कमाई में तेजी ने बाजार को मजबूत बनाए रखा. इस तेजी को आगे बढ़ाने वाले तीन मजबूत शेयर - आरआईएल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक - का निफ्टी में कुल वेटेज 27.6 प्रतिशत है. इन तीनों कंपनियों के फंडामेंटल्स में सुधार हो रहा है, जो निफ्टी के लिए एक अच्छा संकेत है.

उन्होंने आगे कहा कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) निवेश के रुख में आया बड़ा बदलाव (अब तक 94,450 करोड़ रुपए की खरीदारी) रुपए को मजबूत करके डॉलर के मुकाबले लगभग 93.50 के स्तर पर ले आया है. इससे और ज्यादा विदेशी निवेश आ रहा है.

यह भी पढ़ें | छोटे कारोबारियों के लिए बड़ी खबर, 'स्‍पेशल पास' दे सकती है सरकार, नगर निगम और बिजली विभाग से मिलेगी राहत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rupee Dollar, Rupee Dollar Conversion Rate, Rupee Against Dollar Today, Share Market Today, Crude Oil Price Down
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com