दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS समिट के लिए राजधानी के कई इलाके छावनी में तब्दील हैं. होटल ताज पैलेस से लेकर ITC मौर्य, दिल्ली के लग्जरी होटल हाई-सिक्योरिटी डिप्लोमैटिक जोन में बदल गए हैं. कुछ होटलों में एक रात का किराया 2 लाख रुपये के पार पहुंच चुका है तो कई होटलों में बुकिंग फुल हैं. BRICS देशों के न केवल राष्ट्राध्यक्ष, बल्कि उनकी प्रोटोकॉल टीम, पार्टनर देशों के दूसरे डेलीगेट्स और सीनियर अधिकारियों के लिए राजधानी के होटलों में 3,000 से ज्यादा कमरे बुक किए गए हैं. BRICS समिट की वजह से ही कुछ लग्जरी होटलों में एक रात का किराया 2 लाख रुपये के भी पार पहुंच गया है.
जिन होटलों में BRICS देशों के नेता ठहरे हैं, वहां डिमांड काफी बढ़ गई है. यहां तक कि कुछ होटलों में अब कमरे भी नहीं मिल रहे हैं.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन किस होटल में ठहरे?
NDTV सूत्रों के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ITC मौर्य में ठहर रहे हैं. समिट से पहले इस होटल में डिमांड तेजी से बढ़ी है और एक रात के लिए कमरे का किराया अभी 2 लाख रुपये से ज्यादा पहुंच गया है.
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग कहां ठहरे हैं?
BRICS समिट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी पहुंच रहे हैं. बताया जा रहा है कि वो नई दिल्ली के ताज पैलेस में ठहरेंगे. अभी इस होटल के सभी रूम में बुकिंग फुल दिखा रहा है.
ये भी पढ़ें: रूस, चीन, सऊदी, इंडोनेशिया... BRICS देशों के साथ ट्रेड में भारत कहां खड़ा है?
द ओबेरॉय में ठहरेंगे कई देशों के नेता
राजधानी के डॉ ज़ाकिर हुसैन मार्ग पर स्थित द ओबेरॉय में चार BRICS सदस्य देशों - ब्राजील, कजाकिस्तान, इथियोपिया और इंडोनेशिया के डेलीगेशन ठहर रहे हैं. इसी होटल में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के भी ठहरने की संभावना है. इसको लेकर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है. ओबेरॉय होटल की ऑफिशियल वेबसाइट पर यहां भी सारे कमरे फुल शो हो रहे हैं.
ताज महल होटल में कई देशों के डेलीगेट्स
ताज महल होटल में कई विदेशी डेलीगेशन और सीनियर इंटरनेशनल अधिकारी ठहर रहे हैं. उरुग्वे, फिलीपींस, क्यूबा, बेलारूस और वियतनाम के डेलीगेशन यहां ठहरे हुए हैं. इसी होटल में वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के DG और वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइज़ेशन के DG भी ठहर रहे हैं. इस होटल की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी सभी रूम बुक दिखाए जा रहे हैं.
ले मेरिडियन में कई ग्लोबल लीडर
ले मेरिडियन नई दिल्ली में मेहमानों की लिस्ट में BRICS सरकारों के अलावा और भी लोग शामिल हैं. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के प्रेसिडेंट और न्यू डेवलपमेंट बैंक के प्रेसिडेंट इसी होटल में ठहरे हुए हैं. युगांडा, नाइजीरिया और मलेशिया के प्रतिनिधिमंडल भी यहां ठहरे हैं.
द ललित और शांगरी-ला एरोस
कनॉट प्लेस के पास स्थित 'द ललित नई दिल्ली' में दक्षिण अफ्रीका और बुरुंडी के डेलिगेट्स ठहरे हुए हैं. ये होटल अफ्रीकी सदस्य देशों और आउटरीच प्रतिनिधिमंडलों को होस्ट कर रहा है. वहीं अशोक रोड पर स्थित 'शांगरी-ला एरोस' में पश्चिम एशियाई ब्रिक्स (BRICS) सदस्य देश के प्रतिनिधिमंडल के ठहरने की व्यवस्था की गई है. इसके कमरों का किराया 60,000 रुपये प्रति रात तक बताया जा रहा. हालांकि सभी सुइट्स अभी बुक हो चुके हैं.
होटल के कमरे अचानक हो गए महंगे
BRICS समिट के चलते 10 देशों के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री या मंत्री दिल्ली पहुंचे हुए हैं. इनके अलावा राजनयिक, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और बिजनेस लीडर्स दिल्ली में हैं. इस वजह से होटलों की भारी डिमांड है और डिमांड की तुलना में सप्लाई यानी उपलब्धता कम है. खासतौर से 'द ओबेरॉय' और 'द ताज महल होटल' जैसे होटलों में ये स्थिति दिख रही है. इन 2 होटलों के अलावा कुछेक अन्य होटलों की आधिकारिक वेबसाइट भी बुकिंग फुल दिखा रही हैं.
ये भी पढ़ें: रेलकर्मियों के लिए बनेंगी 5 मंजिली बिल्डिंग, मिलेंगे 2BHK-3BHK फ्लैट, लिफ्ट, पार्किंग, पावर बैकअप भी, ये है रेलवे का प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं