Steve Jobs 2011 Letter: एप्पल कंपनी में इस समय बड़े बदलाव हो रहे हैं. कंपनी के सीईओ टिम कुक ने सीईओ का पद छोड़ने और बोर्ड के अध्यक्ष बनने की बात कही है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स का 2011 में लिखा गया इस्तीफा पत्र फिर से सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. ये लेटर इसलिए लोगों के बीच में चर्चा का विषय बना है क्योंकि टिम कुक के जाने और जॉन टर्नस के नए सीईओ बनने की बात चल रही है. लोग इसे 15 साल पहले के समय से जोड़कर देख रहे हैं, जब बीमार स्टीव जॉब्स ने एप्पल की कमान टिम कुक को दी थी.
क्या लिखा था स्टीव जॉब्स ने अपने त्याग पत्र में?
"एप्पल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और एप्पल समुदाय के नाम,
मैंने हमेशा कहा है कि अगर कभी ऐसा दिन आया जब मैं एप्पल के सीईओ के रूप में अपनी जिम्मेदारियां और उम्मीदें पूरी नहीं कर पाऊंगा, तो मैं सबसे पहले आपको बताऊंगा. आज वो दिन आ गया है. मैं एप्पल के सीईओ पद से इस्तीफा देता हूं. अगर बोर्ड को ठीक लगे तो मैं बोर्ड का चेयरमैन, डायरेक्टर और एप्पल का कर्मचारी बनकर सेवा देना चाहूंगा.
जहां तक मेरे उत्तराधिकारी की बात है, मैं सुझाव देता हूं कि हम अपने सक्सेशन प्लान को लागू करें और टिम कुक को एप्पल का सीईओ नियुक्त करें. मुझे विश्वास है कि एप्पल के सबसे अच्छे दिन अभी आने वाले हैं.
मैं एक नई भूमिका में एप्पल की सफलता को देखने और उसमें योगदान देने के लिए उत्सुक हूं."
टिम कुक ने एप्पल के सीईओ पद से हटने पर क्या कहा?
"एप्पल का सीईओ बनना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. मुझे इस शानदार कंपनी की अगुवाई करने का मौका मिला, इसके लिए मैं आभारी हूं. मैं एप्पल को दिल से प्यार करता हूं और यहां के लोगों के साथ काम करने का मौका मिला, इस पर गर्व महसूस करता हूं जो बहुत समझदार और लोगों की भलाई की सोच रखने वाले हैं. हमारी टीम हमेशा ग्राहकों की जिंदगी बेहतर बनाने और बेहतरीन प्रोडक्ट्स और सर्विसेज बनाने में जुटी रही है.
जॉन टर्नस एक इंजीनियर की तरह सोचते हैं, एक इनोवेटर की तरह नए आइडिया लाते हैं और सच्चाई, ईमानदारी के साथ टीम लीड करते हैं. उन्होंने पिछले 25 सालों में एप्पल के लिए बहुत योगदान दिया है. मुझे पूरा भरोसा है कि वो एप्पल को भविष्य में सही दिशा में ले जाएंगे. मुझे उनकी काबिलियत पर पूरा विश्वास है और मैं इस बदलाव के दौरान और अपनी नई भूमिका में उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं."
ये भी पढ़ें- सर्फ,साबुन, क्रीम... काफी कुछ होने वाला है महंगा, HUL की CEO ने बताया- क्यों बढ़ेंगे दाम
टिम कुक: एक शानदार सफर
2011 में टिम कुक ने एप्पल की जिम्मेदारी ली. तब कई लोगों को लगा कि स्टीव जॉब्स के बिना एप्पल ठीक से नहीं चल पाएगी. लेकिन टिम कुक ने सभी को गलत साबित कर दिया. उन्होंने एप्पल को अच्छे से संभाला और कंपनी को दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बना दिया. अब टिम कुक अपना पद जॉन टर्नस को देने जा रहे हैं. यह पहले से बनाई गई योजना के तहत हो रहा है. 1 सितंबर 2026 से जॉन टर्नस एप्पल के नए सीईओ बन जाएंगे और कंपनी की जिम्मेदारी संभालेंगे.
कौन हैं जॉन टर्नस?
जॉन टर्नस एप्पल कंपनी में बड़े पद पर काम करते हैं. वो पिछले 25 साल से एप्पल के साथ हैं. टिम कुक ने कहा है कि जॉन अपना काम बहुत अच्छा करते हैं और नई चीजें बनाने की सोच रखते हैं. सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि जिस तरह जॉब्स ने कुक पर भरोसा किया था, ठीक उसी तरह कुक अब टर्नस पर भरोसा कर रहे हैं. क्या जॉन टर्नस एप्पल को उस ऊंचाई पर ले जा पाएंगे जहां स्टीव जॉब्स और टिम कुक ले गए थे? ये तो समय ही बताएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं