Haldiram IPO: नमकीन और मिठाई बनाने वाली दिग्गज कंपनी हल्दीराम स्नैक्स फूड्स ने शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी शुरू कर दी है. कंपनी ने अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी आईपीओ की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने इस काम को संभालने के लिए अर्नेस्ट एंड यंग (EY) को नियुक्त किया है. हल्दीराम की योजना 2027 के आखिर तक शेयर बाजार में लिस्ट होने की है. इस आईपीओ का आकार करीब 10,000 करोड़ रुपये हो सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, हल्दीराम अपने आईपीओ के जरिए 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का वैल्यूएशन हासिल करना चाहती है. कंपनी ने इस प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफिस (PMO) टीम भी बनाई है. यह टीम अलग-अलग कारोबारी विभागों के बीच तालमेल और जरूरी नियमों के पालन का काम देखेगी. कंपनी का कारोबार काफी बड़ा और अलग-अलग हिस्सों में फैला हुआ है. ऐसे में IPO की तैयारी में 6 से 12 महीने या इससे ज्यादा समय लग सकता है.
OFS और फ्रेश इश्यू शामिल
इस आईपीओ में मौजूदा शेयरधारक अपनी कुछ हिस्सेदारी बेच सकते हैं. इसे ऑफर फॉर सेल (OFS) कहा जाता है. इसके अलावा कंपनी नए शेयर भी जारी कर सकती है यानी इस इश्यू में OFS और फ्रेश इश्यू दोनों शामिल होने की संभावना है।
दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों ने किया है निवेश
हल्दीराम में कई बड़े विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी है. इनमें सिंगापुर की टेमासेक, UAE की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC), अल्फा वेव ग्लोबल और अमेरिका की L Catterton शामिल हैं. मार्च-अप्रैल 2025 में टेमासेक, अल्फा वेव ग्लोबल और IHC ने कंपनी में निवेश किया था. उस समय इन निवेशों के आधार पर हल्दीराम का वैल्यूएशन करीब 10 अरब डॉलर यानी लगभग 85,000 करोड़ रुपये आंका गया था. तीनों निवेशकों ने मिलकर कंपनी की करीब 15 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी. वहीं, प्रमोटर अग्रवाल परिवार के पास करीब 85 फीसदी हिस्सेदारी बनी हुई थी. इसके बाद दिसंबर 2025 में L Catterton ने भी कंपनी में निवेश किया.
कंपनी का कारोबार और कमाई मजबूत
क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में हल्दीराम स्नैक्स फूड का रेवेन्यू 7,762 करोड़ रुपये रहा. इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन करीब 19 फीसदी था. क्रिसिल को उम्मीद है कि आने वाले समय में कंपनी की कमाई में डबल डिजिट में बढ़ोतरी जारी रह सकती है. इसके पीछे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का विस्तार, निर्यात में बढ़ोतरी और नए प्रोडक्ट लॉन्च जैसे कारण होंगे. कंपनी की शेयर बाजार में एंट्री के साथ निवेशकों को देश के बड़े स्नैक्स कारोबार में हिस्सेदारी खरीदने का मौका मिल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं