चैटबॉट 'क्लॉड' (Claude) बनाने वाली अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के आईपीओ ने उसके कर्मचारियों की किस्मत बदल दी है. कंपनी के शेयर बाजार में उतरते ही 95% से ज्यादा कर्मचारी करोड़पति बन गए हैं. वहीं, कंपनी के 7 फाउंडर्स भी अरबपति बन गए हैं. बाजार के अनुमानों के मुताबिक, कंपनी के करीब 5,100 कर्मचारियों के पास अब कम से कम 10 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) की हिस्सेदारी है यानी कंपनी के 10 में से 9 से ज्यादा कर्मचारी अब डॉलर मिलियनेयर बन गए हैं. इनमें से करीब 2,800 कर्मचारियों के पास कंपनी में करीब 1 करोड़ डॉलर (लगभग 90 करोड़ रुपये) की हिस्सेदारी है.
कंपनी ने अपने आईपीओ (IPO) में शेयर का भाव 83 डॉलर तय किया था, जबकि शेयर बाजार में इसकी शुरुआत 111.5 डॉलर पर हुई यानी आईपीओ में पैसा लगाने वाले निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 34 फीसदी का फायदा हुआ. उदाहरण के तौर पर, अगर किसी निवेशक को आईपीओ में 100 शेयर 83 डॉलर के भाव पर मिले होते, तो उसका कुल निवेश 8,300 डॉलर होता. लिस्टिंग के समय इन शेयरों की कीमत बढ़कर 11,150 डॉलर हो गई यानी निवेशक को पहले ही दिन 2,850 डॉलर का फायदा हुआ होता.
600 कर्मचारियों के पास करीब 800 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी
दवीक की रिपोर्ट के मुताबिक, एंथ्रोपिक के कर्मचारियों में कुछ ऐसे भी हैं, जिनकी दौलत इससे कहीं ज्यादा है. बाजार के अनुमानों के मुताबिक, कंपनी के करीब 600 ऐसे कर्मचारी, जो फाउंडिंग टीम का हिस्सा नहीं हैं, उनके पास लगभग 10 करोड़ डॉलर (करीब 900 करोड़ रुपये) की हिस्सेदारी है. इस तरह कंपनी के IPO से सिर्फ फाउंडर्स ही नहीं, बल्कि हजारों कर्मचारियों को भी बड़ा आर्थिक फायदा हुआ है. हालांकि, शेयरों की कीमत के आधार पर आंकी गई यह संपत्ति है.
Anthropic ने जुटाए 81 अरब डॉलर
एंथ्रोपिक ने गुरुवार को अपने आईपीओ के जरिए करीब 81 अरब डॉलर जुटाए. कंपनी ने एलन मस्क की कंपनी SpaceX के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया और सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
क्या करती है Anthropic?
बता दें कि एंथ्रोपिक एक अमेरिकी एआई कंपनी है. कंपनी की स्थापना जनवरी 2021 में ओपनएआई के 7 पूर्व कर्मचारियों और रिसर्चर ने की थी. डारियो अमोडेई एंथ्रोपिक के सीईओ हैं. कंपनी की रिसर्च और बिजनेस रणनीति में उनकी अहम भूमिका है. यह कंपनी 'क्लॉड' नाम से एआई चैटबॉट और दूसरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल विकसित करती है. 'क्लॉड' का इस्तेमाल सवालों के जवाब पाने, कंटेंट लिखने, कोडिंग और बिजनेस से जुड़े कामों में किया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं