विज्ञापन

जिस पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं, वहां के मंत्री 3 साल बाद भारत क्यों आए? दिल्ली में मुसादिक मलिक ने रखा कदम

आंतकवाद को नेशनल पॉलिसी की तरह इस्तेमाल करने वाले पाकिस्तान से भारत ने बातचीत और तमाम रिश्ते रोक रखे हैं. भारत का साफ साफ कहना है कि जबतक पाकिस्तान आतंक का रास्ता नहीं छोड़ता, तब तक उससे कोई बातचीत नहीं होगी.

जिस पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं, वहां के मंत्री 3 साल बाद भारत क्यों आए? दिल्ली में मुसादिक मलिक ने रखा कदम
दिल्ली में पाकिस्तानी मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक का स्वागत करते साद वराइच

3 साल बाद भारत की जमीन पर किसी पाकिस्तानी मंत्री ने कदम रखा है. पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक नई दिल्ली पहुंच चुके हैं. वह दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने आए हैं. भारत में पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वारैच ने उनका स्वागत किया. दिल्ली में उनके आने की घोषणा करते हुए पाकिस्तान हाई कमीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट लिखा और इसकी फोटो भी शेयर की. 

इस पोस्ट में लिखा था, "जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक आज नई दिल्ली पहुंचे. एयरपोर्ट पर उनका स्वागत प्रभारी (चार्ज डी अफेयर्स) साद वराइच ने किया."

भारत में क्या करेंगे मुसादिक मलिक?

अपनी यात्रा के दौरान, मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पहले 'SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' (SCO सभ्यता संवाद मंच) के विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगे.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मुसादिक मलिक इस मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व तथा कूटनीति के इस क्षेत्र में इसकी भूमिका पर पाकिस्तान का नज़रिया पेश करेंगे. मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्री अपने संबोधन में SCO में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका के साथ-साथ देश की विविध सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत पर भी प्रकाश डालेंगे. बयान में कहा गया है, "इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी 'शंघाई स्पिरिट' (शंघाई भावना) के अनुरूप संवाद, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने में एक सक्रिय देश के रूप में उसके योगदान को दिखाती है."

पाकिस्तान फिलहाल 2026-27 के कार्यकाल के लिए SCO के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है. इसके तहत, अगले शिखर सम्मेलन से पहले इस्लामाबाद में मंत्री-स्तरीय बैठकें, विशेषज्ञ समूहों की चर्चाएं और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

भारत ने सभी मेंबर देशों को दिया है न्योता

पाकिस्तान की भागीदारी भारत के न्योते के बाद हुई है. भारत ने सभी 10 SCO सदस्य देशों के साथ-साथ ऑब्जर्वर देशों और डायलॉग पार्टनर देशों को भी इस पहले फोरम में आने के लिए बुलाया था. भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही पुष्टि की थी कि SCO सदस्य देशों समेत कई देशों को बुलाया गया है, और कहा था कि नई दिल्ली इस संवाद की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है.

भारत की तरफ से शुरू की गई इस पहल का मकसद यूरेशियाई क्षेत्र में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और लोगों के बीच के रिश्तों को मजबूत करना है. बता दें कि SCO में 10 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें भारत, पाकिस्तान, चीन और रूस भी हैं. भारत 2017 में इस समूह का पूर्ण सदस्य (फुल टाइम मेंबर) बना था.

यह भी पढ़ें | राहुल गांधी से पाकिस्तानी स्टूडेंट ने पूछा कब बैठकर बात करेंगे भारत-पाकिस्तान, नेता विपक्ष ने दिया तीखा जवाब

यह भी पढ़ें | भारत में 10 साल में 5 फीसदी बढ़ जाएगी मुस्लिम आबादी, हिंदुओं की संख्या 3 फीसदी घटेगी- रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Pakistan Relation, Pakistan India Conflict, India Pakistan Ties
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com