विज्ञापन

SEBI का मार्जिन ट्रेडिंग पर शिकंजा कसने का प्लान, ₹1.53 लाख करोड़ पहुंची MTF लिमिट, NSE-BSE के शेयरों में हलचल

SEBI Margin Trading Rules:उधार  के पैसे से शेयर खरीदने वालों पर लग सकता है ब्रेक. रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची मार्जिन ट्रेडिंग से SEBI चिंतित. 1.53 लाख करोड़ पहुंची MTF लिमिट.

SEBI का मार्जिन ट्रेडिंग पर शिकंजा कसने का प्लान, ₹1.53 लाख करोड़ पहुंची MTF लिमिट, NSE-BSE के शेयरों में हलचल
Stock Market News:  मार्जिन फंडिंग से खरीदारी पर सख्ती करेगा SEBI? 
NDTV इंडिया

SEBI MTF Curbs: शेयर बाजार में मार्जिन ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों के लिए बड़ी खबर है. Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्केट रेगुलेटर SEBI मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) के नियम सख्त करने पर विचार कर रहा है. इसकी वजह मार्जिन के जरिए शेयरों में बढ़ती खरीदारी और उससे बाजार में आने वाले जोखिम हैं. SEBI ऐसे शेयरों में नई मार्जिन फंडिंग पर रोक लगाने की तैयारी रहा है, जहां MTF के जरिए खरीदारी एक तय लिमिट से ज्यादा हो चुकी है. इस खबर के बाद 17 नवंबर को NSE, BSE और Groww के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली.

₹1.53 लाख करोड़ पहुंची मार्जिन ट्रेडिंग

MTF के तहत ब्रोकर निवेशकों को उधार पैसे देकर शेयर खरीदने की सुविधा देते हैं. इसमें निवेशक अपनी पूंजी से चार गुना तक निवेश कर सकते हैं. इसके लिए ब्रोकर 9% से 18% तक ब्याज लेते हैं. Reuters के मुताबिक, MTF के जरिए निवेश बढ़कर 1.53 लाख करोड़ रुपये हो गया है. यह एक साल पहले के मुकाबले 29% ज्यादा है और 2024 के आखिर के मुकाबले करीब दोगुना है. इसमें करीब दो-तिहाई पैसा स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में लगा है.

5-10% की लिमिट पर विचार

SEBI इस बात पर चर्चा कर रहा है कि किसी कंपनी के फ्री फ्लोट यानी बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध शेयरों में MTF से खरीदे गए शेयरों की हिस्सेदारी कितनी होनी चाहिए. प्रस्ताव के मुताबिक, अगर किसी कंपनी के फ्री फ्लोट का 5-10% हिस्सा मार्जिन फंडिंग से खरीदा जा चुका है, तो उस शेयर में नई MTF पोजीशन पर रोक लग सकती है. हालांकि, अभी इसकी लिमिट और नियमों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है.

36 शेयरों में MTF हिस्सेदारी 10% से ज्यादा

एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, कम से कम 36 शेयरों में MTF के जरिए खरीदे गए शेयरों की हिस्सेदारी फ्री फ्लोट के 10% से ज्यादा है. वहीं, 220 से ज्यादा शेयरों में यह आंकड़ा 5% से ऊपर है. इनमें छोटे और मझोले शेयरों के अलावा Jio Platforms, Nazara Technologies और Zee Entertainment जैसे नाम भी शामिल हैं.

पहले विस्तार, अब नियम सख्त करने की तैयारी

SEBI ने इस साल की शुरुआत में MTF का दायरा बढ़ाने का सुझाव दिया था, लेकिन अब इस योजना को रोककर जोखिम कम करने के लिए सख्त नियमों पर चर्चा हो रही है. दक्षिण कोरिया में भी इस साल मार्जिन ट्रेडिंग के कारण शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव और मार्जिन कॉल की समस्या सामने आई थी. इसके बाद वहां रेगुलेटर ने नए सिंगल-स्टॉक लीवरेज्ड ETF पर अस्थायी रोक लगाई और निवेश की शर्तें सख्त कीं.

SEBI का मकसद MTF को पूरी तरह बंद करना नहीं है. नए प्रस्तावों को अंतिम रूप देने से पहले जनता की राय भी ली जाएगी. नियम बनाते समय ब्रोकरों और उन निवेशकों के हितों का भी ध्यान रखना होगा, जिन्होंने पहले से ऊंचे ब्याज पर बड़ी रकम उधार लेकर शेयर खरीदे हैं.

NSE, BSE और Groww के शेयरों में हलचल

इस खबर के बाद NSE के शेयर सुबह की करीब 3% तेजी से फिसलकर हल्की बढ़त में आ गए. BSE के शेयर सुबह करीब 3% चढ़कर पांच महीने के ऊंचे स्तर पर पहुंचे थे, लेकिन बाद में इनकी तेजी घटकर करीब 1% रह गई. वहीं, 1,900 करोड़ रुपये के ब्लॉक डील के बाद Groww के शेयर सुबह 3% तक चढ़े और बाद में करीब 1% की बढ़त पर कारोबार कर रहे थे.

यह भी पढ़ें | EPS-95 Pension: 19 नवंबर को EPFO की बड़ी बैठक, हायर पेंशन क्लेम रिजेक्शन रोकने के लिए पेंशनर्स ने रखीं 10 बड़ी

यह भी पढ़ें | शेयर बाजार के निवेशकों को झटका, बजट में LTCG और STT टैक्स में राहत की अटकलों पर वित्त मंत्रालय ने लगाया ब्रेक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Margin Trading Funding, Sebi Latest News, Stock Market News, Sebi Market Reforms, Sebi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com