विज्ञापन
OPINION
This Article is From Apr 15, 2020

एयरलाइन कंपनियां क्यों नहीं लौटा रही हैं रद्द की गई उड़ान टिकटों के पैसे...?

नागरिक उड्डयन मंत्री मंत्रालय को बताना चाहिए कि 3 मई तक हर दिन के हिसाब के कितने टिकट बुक थे और उनका क्या हिसाब होता है. कई लोगों के तो लाख लाख रुपये तक फँस गए हैं.

कई लोग लिख रहे हैं कि कोरोना के कारण जब उड़ानें रद्द हुई तब विमान कंपनियों ने टिकट का पैसा नहीं लौटाया. अभी तक सबके पैसे वापस हो जाने चाहिए थे. ये तो विमान उड़ाए बग़ैर कमाई हो गई. नागरिक उड्डयन मंत्री मंत्रालय को बताना चाहिए कि 3 मई तक हर दिन के हिसाब के कितने टिकट बुक थे और उनका क्या हिसाब होता है. कई लोगों के तो लाख लाख रुपये तक फँस गए हैं. ठीक है कि हमारे मिडिल क्लास का एक राष्ट्रीय चरित्र हो गया है. वह संकट की घड़ी में दस बीस हज़ार की माँग नहीं करेगा लेकिन कंपनियों का भी तो राष्ट्रीय चरित्र होना चाहिए. क्या उन्हें अपनी तरफ़ से साफ़ साफ़ नहीं कहना चाहिए कि वे पैसा नहीं देंगी या फिर उन्हें कहना चाहिए कि टिकट के पैसे बिना शर्त लौटा देंगी. तारीख़ देनी चाहिए ताकि लोगों को दिक़्क़त न हो.अगर पैसा रखना ही है तो विमान कंपनियाँ और ट्रैवल कंपनियाँ इतना कह दें कि देशहित में वो पैसा नहीं लौटा सकेंगी. मिडिल क्लास इसे सहज स्वीकार कर लेगा. कह देगा कि उनका पैसा भारतवर्ष के प्रति योगदान समझ कर कंपनियाँ रख लें.

लेकिन मिडिल क्लास से खुल कर तो बात की जाए. अभी सभी को और थाली बजाने हैं. अब बीच में ये ध्यान आ जाए कि बीस हज़ार विमान कंपनी के पास फँसा है तो थाली की कंपन कम हो सकती है. कंपन में विध्न पैदा होने से राष्ट्र यज्ञ में बाधा आ सकती है. हम अपेक्षित परिणाम से वंचित हो सकते हैं.

भारतीय रेल ने साफ़ कहा है कि जिनके टिकट रद्द हो रहे हैं उनके पैसे लौटाए जाएँगे. रेल के टिकट भी तो ट्रैवल एजेंट काटते हैं.

इस पत्र में यह बात सही है कि विमान कंपनियाँ कैसे मजबूर कर सकती हैं कि अगली यात्रा में हिसाब हो जाएगा? अगर यात्रा नहीं करनी हो तो. कई लोगों ने विदेश के टिकट कटा रखें हैं. अब वो एक दो साल तो जाने से रहें. तो फिर उनका पैसा रखने का क्या तुक है ?

हमारे बिज़नेस घरानों का भारतवर्ष के लिए योगदान का रिकार्ड ठीक नहीं लग रहा है. वे प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) :इस आलेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी विचार हैं. इस आलेख में दी गई किसी भी सूचना की सटीकता, संपूर्णता, व्यावहारिकता अथवा सच्चाई के प्रति NDTV उत्तरदायी नहीं है. इस आलेख में सभी सूचनाएं ज्यों की त्यों प्रस्तुत की गई हैं. इस आलेख में दी गई कोई भी सूचना अथवा तथ्य अथवा व्यक्त किए गए विचार NDTV के नहीं हैं, तथा NDTV उनके लिए किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ravish Kumar, Coronavirus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com