आज का दिन देश के इतिहास में सिर्फ इसलिए याद नहीं रखा जाएगा कि जेवर में एशिया का एक बड़ा हवाई अड्डा शुरू हो गया है. आज का दिन असल में इतिहास के पन्नों में इसलिए दर्ज होगा, क्योंकि आज उस पुरानी और सड़ी-गली व्यवस्था का अहंकार टूटा है, जो विकास के नाम पर हमेशा किसानों को हाशिए पर धकेल देती थी.
आज जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से पहली फ्लाइट ने आसमान की तरफ उड़ान भरी, तो उसकी आलीशान सीटों पर देश के कोई बड़े रसूखदार नेता, ब्यूरोक्रेट या बड़े उद्योगपति नहीं बैठे थे. उस पहली फ्लाइट के वीआईपी वो किसान थे, जिन्होंने इस एयरपोर्ट के लिए अपनी पुश्तैनी जमीनें देश के नाम कर दीं. ये किसान पहली फ्लाइट से सीधे लखनऊ जा रहे थे, जहां वे यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शाम की फ्लाइट से वापस लौटेंगें.
पहले और अब का फर्क: लाठी बनाम सम्मान
ज़रा अतीत के पन्नों को पलटकर देखिए. पहले भी इस देश में बड़े-बड़े एक्सप्रेसवे बने, चमचमाते रेलवे स्टेशन बने और बड़े-बड़े वीआईपी एयरपोर्ट खड़े किए गए. लेकिन उन प्रोजेक्ट्स की कहानी अक्सर भूमिदाताओं के आंसुओं, विस्थापन के दर्द और मुआवजे के लिए कड़कड़ाती धूप में अदालतों के चक्कर काटने से लिखी जाती थी. कई बार तो अपनी ही ज़मीन का सही हक मांगने पर किसानों को लाठियां और गोलियां तक नसीब होती थीं. और जब वो प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो जाता था, तो उसी किसान को उसके चमचमाते गेट के बाहर सुरक्षाकर्मी दुत्कार कर भगा देते थे.
लेकिन जेवर ने इस बार पूरा खेल ही बदल दिया. यहाँ किसान बेबस पीड़ित नहीं, बल्कि इस पूरे उत्सव के मुख्य अतिथि हैं. नए भारत की इससे खूबसूरत तस्वीर और क्या होगी कि जिस किसान की ज़मीन पर रनवे बना, उसी को पहली फ्लाइट में बिठाकर आसमान की सैर कराई जा रही है.
जेवर एयरपोर्ट से उड़ी पहली फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे किसान, CM योगी से की मुलाकात@DeoSikta | @AjayDindian | #JewarAirport | #NoidaInternationalAirport pic.twitter.com/p9sKg4M5uk
— NDTV India (@ndtvindia) June 15, 2026
सिर्फ जमीन नहीं बदली, बच्चों की तकदीर भी बदली
बात सिर्फ मुआवजे की मोटी रकम या पहली फ्लाइट में सफर करने तक सीमित नहीं है. इस एयरपोर्ट के आने से जेवर और आसपास के ग्रामीण इलाकों की पूरी तस्वीर बदल गई है. जिन किसानों ने जमीनें दीं, सरकार ने उनके बच्चों के भविष्य की भी चिंता की है. इस पूरे इलाके में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, नई फैक्ट्रियां और लॉजिस्टिक्स हब बन रहे हैं, जिससे किसानों की नई पीढ़ी के लिए नौकरी और रोजगार के वो दरवाजे खुल गए हैं जो पहले कभी बंद थे. कल तक जो बच्चे सिर्फ खेतों तक सीमित थे, आज वे इस ग्लोबल प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर अपना भविष्य संवार रहे हैं.
सरकार और जनता के बीच 'भरोसे' की नई इबारत
अक्सर माना जाता है कि बड़े प्रोजेक्ट्स बिना विवाद और हंगामे के पूरे नहीं हो सकते. लेकिन जेवर ने दुनिया को एक नया मॉडल दिखाया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किसानों के साथ जो सीधा संवाद रखा, जो पारदर्शिता दिखाई और उनके पुनर्वास का ख्याल रखा, उसी का नतीजा है कि आज किसान खुद को ठगा हुआ महसूस नहीं कर रहा.
ये किसान अगर आज पहली फ्लाइट से लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मिल रहे हैं, तो यह कोई सरकारी औपचारिकता नहीं है. यह उस 'भरोसे' और 'कृतज्ञता' का जश्न है, जो एक आम जनता और सरकार के बीच सालों बाद इतनी मजबूती से दिखाई दिया है.

ज़मीन से आसमान तक का सफर
ज़रा उस किसान की आंखों से सोचिए, जिसने कल तक जिस ज़मीन पर हल चलाया था, पसीना बहाया था, आज उसी ज़मीन से वो बादलों को चीरते हुए हवाई जहाज में उड़ रहा है. सरकार ने इन किसानों को पहली फ्लाइट का टिकट सौंपकर यह साफ संदेश दे दिया है कि हमारे देश में 'जय जवान, जय किसान' का नारा सिर्फ चुनावी रैलियों में चिल्लाने के लिए नहीं है, बल्कि उसे ज़मीन पर जिया भी जा सकता है.
एक नई नज़ीर
जेवर एयरपोर्ट की यह पहली उड़ान आने वाले वक्त में देश के हर बड़े प्रोजेक्ट के लिए एक मिसाल बनेगी. अब जब भी देश के किसी कोने में विकास के लिए ज़मीन ली जाएगी, तो जेवर के इन मुस्कुराते हुए किसानों की तस्वीरें सरकारों को याद दिलाएंगी कि विकास का असली रास्ता अन्नदाता के सम्मान से होकर ही गुज़रता है. आज जेवर की धरती से सिर्फ एक हवाई जहाज़ ने उड़ान नहीं भरी है, बल्कि आज भारत के किसान के आत्मसम्मान ने आसमान को छुआ है. देश के इन असली भाग्यविधाताओं को सलाम!