- बिहार के CM नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद विधान परिषद सदस्य पद से इस्तीफा दिया है.
- नीतीश करीब 20 वर्षों से CM पद पर थे और अब राज्यसभा जाने के बाद जल्द ही मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देंगे.
- बिहार का अगला CM BJP से होगा, आइए जानते हैं- बिहार के अगले सीएम के लिए किन-किन नेताओं के नाम की चर्चा हैं.
Bihar Next CM: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधान परिषद सदस्य (MLC) पद से इस्तीफा दे दिया है. राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के 14वें दिन नीतीश कुमार ने अपना इस्तीपा दिया है. बीते 16 मार्च को नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे. अब नीतीश कुमार देश के उन चंद नेताओं की लिस्ट में शामिल होंगे, जो लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद सभी चार सदनों के सदस्य हुए. 2006 से नीतीश कुमार लगातार बिहार विधान परिषद के सदस्य थे. जीतन राम मांझी के मुख्यमंत्रित्व काल को छोड़ दे तो नीतीश बीते 20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री पद कायम हैं. लेकिन अब जब वो राज्यसभा जा रहे हैं तो जल्द ही बिहार के सीएम पद से भी इस्तीफा देंगे. जिससे बिहार में लंबे समय से चले आ रहा नीतीश काल समाप्त होगा. राज्य को अगला नया मुख्यमंत्री मिलेगा.
कौन होगा बिहार का अगला CM?
बिहार की सियासत हमेशा से शतरंज के चाल की तरह रही हैं, जिसे समझना बेहद ही मुश्किल होता है. अब नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं तो बिहार को नया सीएम मिलेगा. लेकिन बिहार का अगला सीएम कौन होगा? इस पर अभी कुछ कहना बहुत मुश्किल है, क्योंकि अभी वर्तमान में जो स्थिति है उसके हिसाब से अगला CM बीजेपी से होगा.
बीजेपी में किसी भी पद के लिए भविष्यवाणी करना बेहद मुश्किल है. पिछला रिकॉर्ड भी यही कहता है. बीजेपी ने बीते कुछ सालों ने अलग-अलग राज्यों में मुख्यमंत्री चुनने में बेहद चौंकने वाले फैसले लिए हैं.
सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी अभी बिहार सरकार में नंबर-2 हैं. नीतीश कुमार के बेहद करीबी होने के साथ-साथ बीजेपी में भी उनका ग्राफ बड़ी तेजी से बढ़ा है. सम्राट कुशवाहा समाज से आते हैं. जिसका वोट बैंक भी बिहार में ठीक-ठाक है. प्रशासनिक स्तर पर भी सम्राट चौधरी बेहद मंझे हुए नेता हैं, बीते कुछ समय में उनकी उम्मीद काफ़ी ज्यादा बढ़ी है कि वह बिहार के सीएम बन सकते हैं.
नित्यानंद राय
अगला नाम केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का है. नित्यानंद राय अमित शाह और मोदी के बेहद करीबी नेताओं में माने जाते हैं. साथ ही साथ वह भाजपा बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. बीजेपी के पुराने नेता हैं और सबसे अहम बात यह कि वह यादव समाज से आते हैं. बीजेपी अगर नित्यानंद राय को सीएम बनाती है तो बिहार में राजद के ट्रेडिशनल वोट बैंक में सेंध लगा सकती है.

दीघा विधायक संजीव चौरसिया, आपातकाल के समय अटल-आडवाणी इनके घर में ही रुके थे.
संजीव चौरसिया
संजीव चौरसिया पटना के दीघा से विधायक हैं. वह 3 बार से भाजपा के विधायक हैं. संजीव चौरसिया अति पिछड़ा समाज से भी आते हैं. साथ ही वह सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद के पुत्र हैं. इनका परिवार शुरू से संघ से जुड़ा है. इमरजेंसी के वक्त अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी इनके घर में रहे थे. इनके नाम की चर्चा इसलिए है क्योंकि अभी तक पिछले 15 सालों में इन्हें कभी मंत्री नहीं बनाया गया, इनका नाम इस बार प्रदेश अध्यक्ष की रेस में भी था, लेकिन उन्हें यह पद भी नहीं मिला. इनके करीबी मित्र नितिन नवीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं. ऐसे में संभावनाएं है कि BJP इन्हें बिहार का अगला मुख्यमंत्री बना सकती है.
यह भी पढ़ें - वो फैक्टर जो तय करेंगे कौन होगा बिहार सीएम पद के लिए बीजेपी की राइट च्वाइस!
संजय जायसवाल
अगला नाम बेतिया सांसद संजय जायसवाल का हैं. वह बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. केंद्र में उनकी अच्छी पकड़ है. पीएम मोदी और अमित शाह के करीबी हैं. सबसे खास बात यह कि संजय जायसवाल भाजपा के कोर वोट बैंक बनिया समाज से आते हैं, जिसकी बिहार में अच्छी संख्या है.
दिलीप जायसवाल
दिलीप जायसवाल बिहार सरकार में उद्योग और पथ निर्माण मंत्री हैं. बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं. और उनके बतौर प्रदेश अध्यक्ष रहते बीजेपी ने बिहार विधान सभा 2025 चुनाव में बड़ी जीत हासिल की. अगले सीएम के रेस में दिलीप जायसवाल के नाम की भी चर्चा है.

रत्नेश कुशवाहा
इन सबके अलावा और भी कई नाम हैं, जिसमें पहली बार के विधायक रत्नेश कुशवाहा (पटनासाहिब सीट) की भी चर्चा है. वो पार्टी के लीगल सेल से जुड़े हैं, कानूनी तौर पर बेहद मजबूत होने के साथ-साथ युवा चेहरा भी हैं.
धर्मशीला गुप्ता
बिहार के अगले मुख्यमंत्री की रेस में बीजेपी की ओर से कुछ महिला नेताओं के नाम भी चर्चा है. इसमें पहला नाम राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता हैं. वह पार्टी की पुरानी नेत्री है, अति पिछड़ा समाज से आती हैं. साथ ही वह बिहार प्रदेश की महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं.
छोटी कुमारी
महिला नेताओं में पहली बार की विधायक छोटी कुमारी का भी नाम है. वह छपरा सीट से विधायक हैं, इस चुनाव में उन्होंने भोजपुरी के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को हराया था, विधायक बनने से पहले से वह सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता है. साथ ही वह युवा नेत्री हैं ऐसे में उनके नाम की भी चर्चा अंदरखाने में तेज़ है.

निशांत BJP सीएम के रास्ते में बन सकते हैं रोड़ा
नीतीश कुमार के बाद जेडीयू ने आवाज़ तेज कर दी है कि अब उनके बाद अगला सीएम निशांत कुमार को बनाया जाए, क्योंकि पार्टी के कई नेता पहले ही विरोध जता चुके हैं, कि नीतीश कुमार को सीएम पद से इस्तीफ़ा नहीं देना चाहिए. पार्टी ने उनके चेहरे पर चुनाव लड़ा था. इसलिए पार्टी के नेता अब निशांत को सीएम बनाने की मांग कर रहे हैं.
पार्टी के सीनियर लीडर और विधायक श्याम रजक ने कहा है कि निशांत पढ़े-लिखे हैं, इंजीनियरिंग की डिग्री उनके पास है और वह जिस तरह से राजनीतिक रूप से सक्रिय हुए उन्हें सीएम बनना चाहिए. लेकिन यह फैसला उनका और नीतीश जी का होगा. ऐसे में निशांत के कारण बीजेपी का पहला बार बिहार का कोई सीएम बनाने का सपना पर अभी ब्रेक लग सकता हैं. निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी नीतिश के इस्तीफे के बाद उनके बेटे निशांत को राजनीतक उत्तराधिकारी और सीएम बनाने की मांग की हैं.
यह भी पढ़ें - 20 साल रहे MLC और एक लाइन में दे दिया इस्तीफा, क्यों वायरल हो रहा नीतीश कुमार का ये लेटर? वजह कुछ और है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं