बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को एक बड़ा निर्माणाधीन पुल हादसा सामने आया है. लालगंज के जलालपुर गांव के पास भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे 6 लेन पुल का स्ट्रक्चर अचानक ढह गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में कई मजदूर घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए. फिलहाल बचाव अभियान जारी है और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया जा रहा है.

वैशाली में गिरा पुल का ढांचा
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार छपरा-सोनपुर-वैशाली मार्ग पर भारतमाला परियोजना के तहत 6 लेन सड़क और पुल निर्माण का कार्य चल रहा है. इसी परियोजना के अंतर्गत लालगंज के जलालपुर गांव के समीप गंडक नदी के पास पुल का निर्माण किया जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निर्माण कार्य के दौरान अचानक पुल का बड़ा ढांचा भरभराकर गिर गया. देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धूल और मलबे से भर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई.

पुल हादसे के बाद लोगों का लगा लमावड़ा
कई घायल, दो लोगों के दबे होने की आशंका
स्थानीय सूत्रों के अनुसार लॉन्चर गिरने से हुए हादसे में आधा दर्जन मजदूर घायल हुए हैं. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है. मौके से मिली जानकारी के अनुसार मलबे के नीचे मजदूर दबे होने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं.
राहत और बचाव अभियान जारी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे. वहीं मदद में भी देरी हुई. अब राहत दल मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंच गई. घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है. बचावकर्मी भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि दबे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके. गैस कटर से लोहा काटा जा रहा है.
हाल में पूर्णिया में भी ढहा था पुल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बिहार के पूर्णिया जिले में भी एक पुल का हिस्सा ढह गया था. अमौर प्रखंड के आसियानी गांव में बकरा नदी पर बने सोनपुर पुल का एक भाग उस समय टूट गया था, जब उस पर रेत से लदा ट्रक गुजर रहा था. हालांकि उस घटना में ट्रक चालक नदी में गिरने के बाद तैरकर बाहर निकल आया था, लेकिन पुल को नुकसान पहुंचने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई थी.
यह भी पढ़ें : बिहार का ये गांव बना मिसाल, 50 साल लगाई गुहार, फिर ग्रामीणों ने खुद बना डाला नदी पर लोहे का पुल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं