विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2021

किसान आंदोलन : ट्रैक्टर चलाकर विधानसभा पहुंचे तेजस्वी, बोले- अन्नदाताओं की नहीं सुन रही सरकार

राजद की तरह बिहार कांग्रेस ने विरोध की तैयारी की हुई है. कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.

Farmers Protest: तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
पटना:

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन (Farmers Protest) लंबे वक्त से चल रहा है. विभिन्न राजनीतिक दलों ने किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सरकार से कानून को वापस लेने की मांग की है. किसानों के साथ एकजुटता दिखाते हुए बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीका निकाला. तेजस्वी यादव सोमवार को ट्रैक्टर चलाकर विधानसभा पहुंचे. उनके साथ कुछ लोग ट्रैक्टर पर सवार थे. 

इस दौरान, तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार किसानों की नहीं सुन रही है. यह सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शाता है. ये सरकार किसान विरोधी है. ईंधन की कीमत बढ़ना किसानों पर हमला है. सरकार को किसानों की बात सुननी चाहिए. उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार ने उस पर भी चुप्पी साध ली है.

राजद की तरह बिहार कांग्रेस ने भी विरोध की तैयारी की हुई है. कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.

बिहार में सोमवार को सरकार बजट पेश करेगी. राज्य के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद अपना पहला बजट पेश करेंगे. प्रसाद ने सुशील कुमार मोदी की जगह ली है और पूर्व उपमुख्यमंत्री की तरह वह वित्त मंत्रालय का भी प्रभार संभाल रहे हैं. इस बार का सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं. विपक्ष ने सरकार को कोरोना वायरस जांच में हुए कथित फर्जीवाड़े, किसानों की हालत, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति और ईंधन की बढ़ती कीमतों के अलावा अन्य मुद्दों को लेकर घेरने की तैयारी की है. 

(भाषा के इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Farmers Protest, Tejashwi Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com