न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में अर्शदीप सिंह का जलवा रहा. उन्होंने ईडन पार्क में दोनों तरफ अपनी गेंदों को लहराते हुए सर्वाधिक चार सफलता प्राप्त की. जिसके बाद उनकी चारों तरफ सराहना हो रही है. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी उनकी खूब तारीफ की है. सोनी स्पोर्ट्स पर मैच की समाप्ति के बाद समीक्षा करते हुए 77 वर्षीय भारतीय दिग्गज ने कहा अर्शदीप गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की कला रखते हैं. यानी उनकी गेंद मुकाबले के दौरान कभी अंदर आती हैं तो कभी बाहर जाती हैं. जिससे बल्लेबाजों को काफी परेशानी होती है. उन्हें समझ ही नहीं आता है कि उनकी अगली गेंद क्या होगी.
उन्होंने कहा, 'वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं, अंदर भी और बाहर भी. जिससे बल्लेबाजों के मन में हमेशा संदेह बना रहता है कि अगली गेंद किस दिशा में जाएगी. आज उनकी लेंथ काफी शानदार थी. उनकी लाइन भी बेहतरीन थी.'
सुनील गावस्कर का मानना है जब वह व्हाइट बॉल क्रिकेट में गेंद से इतनी अच्छी स्विंग हासिल कर सकते हैं तो रेड बॉल क्रिकेट में विपक्षी टीम के लिए और ज्यादा सिरदर्द साबित हो सकते हैं.
उन्होंने कहा, 'वह दाएं हाथ के बल्लेबाजों को मिडिल और ऑफ स्टंप की लाइन पर खेलने के लिए मजबूर कर रहे थे. बीच-बीच में कुछ गेंदें अंदर भी आ रही थीं. मैं पिछले दो-तीन साल से उन्हें देख रहा हूं. मेरा मानना है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट के लिए भी देखना चाहिए. अगर वह व्हाइट बॉल को इतनी ज्यादा स्विंग करा सकते हैं तो रेड बॉल को कितना स्विंग कराएंगे?'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं