विज्ञापन

धमकी और ब्लैकमेल कॉल से परेशान तेजप्रताप यादव; बोले- मैं डरने वाला नहीं, सरकार से मांगा जवाब

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि एक मोबाइल नंबर से उन्हें और उनके समर्थकों को धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

धमकी और ब्लैकमेल कॉल से परेशान तेजप्रताप यादव; बोले- मैं डरने वाला नहीं, सरकार से मांगा जवाब
तेजप्रताप यादव का बड़ा आरोप, एक मोबाइल नंबर से मिल रहीं धमकियां और ब्लैकमेल कॉल
@TejYadav14
पटना:

बिहार की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है. जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि एक मोबाइल नंबर से उन्हें और उनके कई सहयोगियों को लगातार धमकी भरे फोन और ब्लैकमेलिंग की कोशिशों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा पोस्ट जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम करने वाले लोगों को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है. तेजप्रताप यादव ने सवाल उठाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक इस मामले में प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं?

सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी

तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूरे मामले को सार्वजनिक किया. उन्होंने कहा कि मोबाइल नंबर 7520322647 से उन्हें तथा उनके साथ जुड़े कई लोगों को कथित रूप से धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि जनशक्ति जनता दल के लिए सक्रिय रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है. उनके अनुसार पुरुष और महिला, दोनों प्रकार के कार्यकर्ताओं को धमकाने और डराने की शिकायतें सामने आई हैं.

तेजप्रताप यादव की सोशल मीडिया पोस्ट

तेजप्रताप यादव की सोशल मीडिया पोस्ट

वीडियो वायरल कर डराने का आरोप

अपने बयान में तेजप्रताप यादव ने कहा कि किसी व्यक्ति को धमकाना, ब्लैकमेल करना या उसका वीडियो प्रसारित कर उसे डराने का प्रयास करना बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने बताया कि वह पहले भी सार्वजनिक रूप से इस मोबाइल नंबर का मुद्दा उठा चुके हैं और संबंधित व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सवाल खड़े किए हैं.

सरकार और प्रशासन से पूछे सवाल

तेजप्रताप यादव ने सरकार और प्रशासन से सीधे सवाल करते हुए कहा कि आखिर इस नंबर के पीछे कौन लोग हैं और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में देरी कई गंभीर सवाल खड़े करती है. उन्होंने यह भी पूछा कि क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले वह किसी व्यक्ति विशेष की संलिप्तता को अंतिम सत्य नहीं मान रहे हैं, लेकिन मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है.

जांच एजेंसियों से कार्रवाई की मांग

जनशक्ति जनता दल प्रमुख ने संबंधित प्रशासनिक और जांच एजेंसियों से मांग की कि इस मोबाइल नंबर से जुड़े कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तत्काल जांच की जाए. उन्होंने कहा कि नंबर के वास्तविक उपयोगकर्ता और उसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान सामने लाई जानी चाहिए. साथ ही दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

कार्यकर्ताओं के समर्थन में उतरे तेजप्रताप

तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह धमकियों से डरने या दबने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी कार्यकर्ता, सहयोगी, महिला या पुरुष को डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है तो वह पूरी मजबूती के साथ उनके समर्थन में खड़े रहेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े लोगों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने लिया हिरासत में, अभिजीत दीपके को बिहार आने का दिया था न्योता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tej Pratap Yadav, Threat Calls, Blackmail, Bihar Politics, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com