विज्ञापन

सिवान में खौफनाक वारदात, युवक पर तेजाब डालकर दुकान में बंद किया, इलाज के दौरान मौत

बिहार के सिवान जिले में एक युवक की चेहरे पर तेजाब डालकर और दुकान में बंद कर हत्या कर दी गई. मृतक की बहन से शव को सड़क पर रख ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन किया.

सिवान में खौफनाक वारदात, युवक पर तेजाब डालकर दुकान में बंद किया, इलाज के दौरान मौत
मृतक के परिजनों ने किया प्रदर्शन
NDTV

बिहार के सिवान जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जी.बी. नगर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में 30 साल के एक युवक मोहम्मद नदीम हुसैन के चेहरे पर तेजाब डालकर और दुकान में बंद कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक, मोहम्मद जलील हुसैन का पुत्र था.

मृतक की बहन अफसाना खातून ने बताया कि बुधवार रात करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई के चेहरे पर तेजाब डालकर उसे आग के हवाले कर दिया गया है और दुकान के अंदर शटर बंद कर दिया गया है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि उस समय उनके भाई की हालत बेहद गंभीर थी. परिजन उसे इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर चौकी हसन पंचायत के अलावलपुर गांव पहुंचे, तो उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने जी.बी. नगर थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग भी उठाई.

बहन ने लगाया तेजाब डालकर जिंदा जलाने का आरोप

मृतक की बहन अफसाना खातून शव को सड़क के बीच रखकर धरने पर बैठ गईं. उन्होंने मांग की कि सिवान डीएम और SP को मौके पर बुलाया जाए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए.

अफसाना ने बताया कि जब वे अपने भाई को गंभीर हालत में अस्पताल ले जा रही थीं, तब उन्होंने उससे घटना के बारे में पूछने की कोशिश की. इस पर उनके भाई ने केवल इतना बताया कि घटना में तीन लोग शामिल थे. हालांकि वह किसी का नाम नहीं बता सके, क्योंकि उनकी हालत बहुत खराब थी.

अफसाना का कहना है कि अब यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह पता लगाए कि उनके भाई पर तेजाब डालकर, उसे आग लगाकर और दुकान में बंद करके किसने हत्या की. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

मौके पर पहुंचे एसडीओ और एसडीपीओ

घटना की जानकारी मिलते ही सिवान सदर SDO आशुतोष कुमार गुप्ता और SDPO प्रांजल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया.

एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और स्थिति नियंत्रण में है. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस घटना में दोषी पाया जाएगा, उसकी जल्द गिरफ्तारी कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Siwan News, Bihar News, Bihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com