विज्ञापन

समस्तीपुर में लाइव मर्डर, सरेआम काटे 60 साल के बुजुर्ग के अंग; रोकने के बजाया वीडियो बनाती रही भीड़

समस्तीपुर से एक दिल दहलाने वाला 'लाइव मर्डर' सामने आया है. यहां सरेआम एक 60 साल के बुजुर्ग के अंगों को धारदार हथियार से काट डाला गया. आखिर बिना पुरानी दुश्मनी के इस कत्ल की असली वजह क्या है? पढ़ें अविनाश कुमार की यह रिपोर्ट...

समस्तीपुर में लाइव मर्डर, सरेआम काटे 60 साल के बुजुर्ग के अंग; रोकने के बजाया वीडियो बनाती रही भीड़
समस्तीपुर: बुजुर्ग पर सरेआम जानलेवा हमला, बीच-बचाव के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग; आरोपी गिरफ्तार
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार सुबह एक 60 साल के बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. जिस वक्त हमलावर इस घटना को अंजाम दे रहा था, वहां मौजूद कुछ लोग उसे रोकने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे. पुलिस ने फिलहाल कार्रवाई करते हुए इस मामले में आरोपी को पकड़ लिया है.

नदी किनारे घात लगाए था हमलावर

यह पूरा मामला मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के पतसिया गांव का है. घटहा टोल में रहने वाले दामोदर शर्मा सुबह के वक्त गंगा नदी के किनारे कछार की तरफ शौच के लिए गए थे. इसी दौरान गांव के ही रहने वाले संजीव महतो ने उन पर अचानक हमला बोल दिया. उसने एक तेज धार वाले हथियार से उनके गले, पेट और हाथ-पैर पर कई वार किए. हमले में गंभीर रूप से घायल होकर वे वहीं गिर पड़े.

कैमरे में रिकॉर्ड होती रही घटना

इस घटना का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें दिख रहा है कि वारदात के वक्त आसपास कई ग्रामीण मौजूद थे. काफी देर तक कोई भी बचाव के लिए आगे नहीं आया और तमाशबीन बनकर घटना को कैमरे में रिकॉर्ड करते रहे. बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और हमलावर को रोका. खून से लथपथ बुजुर्ग को तुरंत पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

कत्ल की वजह तलाश रही पुलिस

इस हत्याकांड के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. मृतक की पत्नी अंजू देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उनके पति का गांव में किसी से कोई झगड़ा या पुरानी दुश्मनी नहीं थी. रोज की तरह वे घर से निकले थे और तभी उन पर ये हमला हो गया.

सख्ती से पूछताछ कर रही पुलिस

मोहिउद्दीननगर थाने की अपर थानाध्यक्ष अन्नु कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस फिलहाल आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है, ताकि इस हत्या के असली कारणों का पता लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें:- बाइक की कीमत से ज्यादा का कट गया चालान, जुर्माने की रकम इतनी ज्यादा की एक नई स्पोर्ट्स बाइक आ जाए

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samastipur, Bihar News, Crime News, Viral Video, LIVE Murder Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com