- बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने एक महिला को चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने से बचाया
- घटना 15 फरवरी को सुबह लगभग दस बजे कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय हुई थी
- आरपीएफ ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचने की अपील की है ताकि हादसे न हों
सोशल मीडिया पर बेगूसराय का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी एक महिला की जान बचाते हुए देखे जा रहे हैं. पुलिस के इस साहसिक काम की लोग तारीफ भी कर रहे हैं. वीडियो बेगूसराय रेलवे स्टेशन का है, जहां एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने के दौरान फिसल जाती है और गिरने लगती है. तभी वहां मौजूद आरपीएफ के जवान फुर्ती दिखाते हुए उस महिला को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच में गिरने से बचा लेते हैं.
हालांकि इस दौरान पुलिस वाले भी फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिरते हैं, लेकिन महिला की जान बच जाती है. घटना बेगूसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की है. आरपीएफ ने इसे ऑपरेशन जीवन रक्षा नाम दिया है.
बेगूसराय स्टेशन पर देवदूत बना RPF जवान, चलती ट्रेन के नीचे आने ही वाली थी महिला..RPF जवान ने फरिश्ता बनकर जान बचाई, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला Video#Bihar pic.twitter.com/SFq2Pv2Qzv
— NDTV India (@ndtvindia) February 15, 2026
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 15 फरवरी को गाड़ी संख्या 15713 (कटिहार-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस) सुबह 09:47 बजे बेगूसराय स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची थी. जैसे ही 09:50 बजे ट्रेन ने स्टेशन से प्रस्थान करना शुरू किया, एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में फंसकर घिसटने लगी. मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने पलक झपकते ही त्वरित कार्रवाई की. उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए महिला को गैप से बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई.

सीतामढ़ी की रहने वाली है महिला
इस घटना के संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि महिला चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच लटककर घिसट रही थी. अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने यात्रियों से एक बार फिर अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं