- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर पहली प्रतिक्रिया दी है
- सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने 50 वर्षों तक बिहार और राष्ट्र की सेवा की है, वह विजनरी नेता हैं
- उन्होंने कहा कि मैं भरोसा दिलाता हूं कि नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार और समृद्ध होगा, और विकास करेगा
बिहार की राजनीति से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की तैयारी के बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पहला बयान आया है. सम्राट चौधरी ने नीतीश के विजन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसा कद्दावर नेता अगर बिहार से बाहर जाता है तो यह प्रदेश के लिए चिंता का विषय होना स्वाभाविक है.
पटना में सीआईआई के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर पहली बार बयान देते हुए कहा कि उन्होंने 50 वर्षों तक बिहार और राष्ट्र को समय दिया, सेवा की. अब नीतीश कुमार जैसे विजनरी लीडर बिहार से बाहर जा रहे हैं तो लोगों के लिए यह चिंता का विषय है. ऐसा होना लाजमी है.
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि बिहार की जनता ने बीजेपी और एनडीए को जो समर्थन दिया है, बिहार की जनता को मैं आश्वस्त करता हूं कि नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार और समृद्ध होगा, और विकास करेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार का सपना है कि अगले 5 साल में एक करोड़ लोगों को रोजगार देना है.
देखें- नीतीश कुमार निशांत को दे रहे बागडोर, लेकिन JDU के अंदर और बाहर उनके लिए चुनौतियां घनघोर
इधर नीतीश के फैसले को नेताओं की प्रतिक्रियाएं लगातार आ रही हैं. जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शनिवार को साफ कहा कि बिहार में 2030 तक जो सरकार चलेगी, वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी. वह पार्टी का भी काम देखेंगे और जो सरकार चलेगी, उसे गाइड भी करेंगे. जदयू नेता ने कहा कि नीतीश कुमार का सिर्फ रोल बदला है. राज्यसभा के सत्र के दौरान वह दिल्ली में रहेंगे, बाकी समय बिहार में रहकर जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करेंगे.
केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि नीतीश कुमार भले ही राज्यसभा जा रहे हैं और दिल्ली में रहेंगे, लेकिन वो राजधानी में रहकर बिहार के विकास कार्यों को देखेंगे. राजनीति में कभी विदाई नहीं होती है. सीएम नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में बिहार का नक्शा बदला है. उनके कार्यकाल की सराहना जितनी की जाए कम है.
इस बीच बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का बड़ा बयान आया है. उन्होंने शनिवार को कहा कि नीतीश कुमार को बिहार में ही रहना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नीतीश को राज्यसभा भेजकर मुख्यमंत्री पद से हटाने की साजिश कर रही है. इसका मकसद भाजपा को बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर दावा करने में मदद करना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं