आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में महिला सुरक्षा को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव अपने साथ पार्टी की महिला विधायक और एमएलसी नेताओं के साथ मंच पर नजर आए. इस दौरान उन्होंने पिछले एक महीने में महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों का आंकड़ा पेश करते हुए सरकार पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया.
महिला अपराधों का डेटा रखकर घेरा
तेजस्वी यादव ने कहा कि नई सरकार को बने एक महीना हो चुका है, लेकिन इस दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी आई है. उन्होंने दावा किया कि गैंगरेप और दुष्कर्म जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे राज्य में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
यह भी पढ़ें- बिहार में 'ईंधन बचत' पर सियासत, सीएम का छोटा हुआ काफिला, तेजस्वी ने कहा- यह मुद्दों से ध्यान भटकाने का स्टंट
लगातार घटनाओं का किया जिक्र
तेजस्वी ने कई घटनाओं का उल्लेख किया-
- 15 अप्रैल: दरभंगा में नाबालिग से गैंगरेप
- 16 अप्रैल: एक और दरिंदगी की घटना
- 17 अप्रैल: मुजफ्फरपुर में गैंगरेप
- 19 अप्रैल: कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म
- 20 अप्रैल: मदरसे में बच्ची से दुष्कर्म
- 22 अप्रैल: जमुई में बच्चियों के साथ अपराध
- 24 अप्रैल: नाबालिग छात्रा से गैंगरेप
उन्होंने कहा कि ये सिर्फ कुछ उदाहरण हैं, जबकि ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं.
"ऐसा कोई दिन नहीं जब बिहार में अपराधी महिलाओं एवं बच्चियों के विरुद्ध कोई जघन्य, विभत्स, क्रूर अपराध नहीं करते हैं!"
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) May 19, 2026
- @yadavtejashwi #TejashwiYadavPC
सरकार पर गंभीर आरोप
तेजस्वी ने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति क्रिमिनल डिसऑर्डर में बदल चुकी है. उनके मुताबिक अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और सरकार उन्हें रोकने में असफल रही है. तेजस्वी ने कहा, बिहार में अपराधी 'सम्राट' और 'विजय' हो चुके हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे गृह मंत्री भी हैं, इसके बावजूद हालात बेकाबू हैं.
यह भी पढ़ें- ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल का उबाल! जानिए सरकार ने कैसे रोकी भारत में पेट्रोल-डीजल की महंगाई
‘चुनाव में पैसा बांटकर वोट खरीदे'
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले महिलाओं को 10 हजार रुपये देकर वोट खरीदे गए. उन्होंने सवाल उठाया कि अब 2 लाख रुपये की दूसरी किस्त कब दी जाएगी. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह वादा पूरा नहीं हुआ तो महिलाएं सरकार को जवाब देंगी.
वंशवाद और सरकार पर तंज
तेजस्वी ने सरकार पर वंशवाद का आरोप भी लगाया और दावा किया कि मंत्रिमंडल में ऐसे मंत्री हैं जिनके पिता पहले मंत्री रह चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक साल में सरकार सिर्फ बनने और बदलने में ही उलझी रही.
केंद्र सरकार पर भी हमला
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि लोगों को सोना न खरीदने, विदेश न जाने और पेट्रोल कम लेने जैसी बातें कही जा रही हैं, जबकि सरकार केवल रील बनाने में व्यस्त है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं