विज्ञापन

समस्तीपुर में शराब छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, 6 पुलिसकर्मी घायल

समस्तीपुर के बनवीरा पंचायत में शराब के स्टॉक की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए.

समस्तीपुर में शराब छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, 6 पुलिसकर्मी घायल
उत्पाद विभाग और पुलिस को गाड़ियों को तोड़ दिया गया.

बिहार के समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवीरा पंचायत के वार्ड 4 में प्रकाश कुमार राय के घर पर रविवार को शराब के स्टॉक की सूचना मिलने पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर गृहस्वामी समेत अन्य भीड़ ने हमला कर दिया. घटना में उत्पाद विभाग के आधा दर्जन महिला और पुरुष पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. 

जख्मी होमगार्ड जवानों में कृष्णा कुमारी, संतोष कुमार सिंह, विश्वनाथ कुमार सिंह समेत अन्य शामिल है. हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया. उत्पाद विभाग के दो बोलेरो और दो स्कॉर्पियो वाहन में तोड़फोड़ की गई. 

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को एक वीडियो मिला था, जिसमें बनवीरा पंचायत स्थित एक घर में शराब का स्टॉक रखे होने की बात सामने आई थी. वीडियो के सत्यापन के बाद टीम संबंधित घर में छापेमारी करने पहुंची. टीम के पहुंचते ही घर के लोगों की ओर से विरोध शुरू हो गया. इसके बाद कुछ अन्य लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी.

हथियार छीनने का प्रयास, वाहनों में तोड़फोड़

घटना के दौरान हमलावरों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने स्थिति बिगड़ने पर वहां से हटकर खुद को सुरक्षित किया. हमलावरों ने उत्पाद विभाग के दोनों वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया गया. 

छापेमारी के दौरान मध्य विद्यालय हरपुर भिंडी में कार्यरत शिक्षक अमरनाथ राय की पुलिस टीम से बहस होने की बात भी सामने आई है. वह उस घर के लोगों के रिश्तेदार बताए गए हैं.

परिजनों का दावा है कि बहस के दौरान अमरनाथ राय की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया. 

घटना की सूचना मिलने पर हलई थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पटोरी एसडीपीओ बीके मेधावी के नेतृत्व में पुलिस बल ने संबंधित घर की तलाशी ली. हालांकि, घर से तत्काल शराब बरामद नहीं हुई. घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है.

(अविनाश कुमार का इनपुट)

यह भी पढ़ें: IPS भानु प्रताप सिंह की लव स्टोरी: जिस पूजा ने घर से भागकर की शादी, वो अब मांग रहीं न्‍याय

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com