विज्ञापन

'पिता जहां भी होंगे, गर्व महसूस कर रहे होंगे', नीतीश सेतु के उद्घाटन पर भावुक हुए चिराग पासवान

बिहार में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस बीच चिराग पासवान ने अपने पिता के पुराने प्रयासों को याद करते हुए परियोजना के महत्व और विपक्ष के आरोपों पर अपनी बात रखी.

'पिता जहां भी होंगे, गर्व महसूस कर रहे होंगे', नीतीश सेतु के उद्घाटन पर भावुक हुए चिराग पासवान
बिहार में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है


केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को अपने परिवार और हाजीपुर के लोगों के लिए खास बताया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उनके संसदीय क्षेत्र में आना खुशी की बात है लेकिन इस दौरे का सबसे भावुक पहलू उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का दशकों पुराना सपना पूरा होना है. चिराग के मुताबिक उनके पिता चाहते थे कि हाजीपुर और आसपास के इलाकों का पटना से बेहतर संपर्क बने ताकि लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके.

चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री बिहार के लिए कई परियोजनाओं को समर्पित करेंगे. यह उनके लिए गर्व का क्षण है कि उनके संसदीय क्षेत्र में इन परियोजनाओं का उद्घाटन हो रहा है. उन्होंने बताया कि रामविलास पासवान ने सांसद रहते हुए इस दिशा में लगातार प्रयास किए थे. खास तौर पर राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को विपरीत परिस्थितियों में आवागमन की मुश्किलों का सामना करना पड़ता था. उनके पिता इन समस्याओं को दूर करना चाहते थे.

नीतीश कुमार के समय शुरू हुआ था काम

चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता ने जिस परियोजना का सपना देखा था उसकी शुरुआत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुई थी. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में यह काम पूरा होने जा रहा है. उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की ताकत बताया.

चिराग ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनके पिता जहां भी होंगे इस सपने को पूरा होते देखकर खुश और गर्व महसूस कर रहे होंगे. उनके लिए यह सिर्फ एक परियोजना का पूरा होना नहीं है बल्कि उनके पिता के लंबे प्रयासों का नतीजा है.

तेजस्वी यादव के आरोपों पर चिराग का जवाब

नीतीश सेतु परियोजना को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच श्रेय लेने की बहस भी शुरू हो गई है. राजद नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि इस परियोजना की शुरुआत बिहार सरकार ने अपने संसाधनों और एशियन डेवलपमेंट बैंक से लिए गए कर्ज के जरिए की थी. उन्होंने कहा था कि इसमें केंद्र सरकार का कोई पैसा नहीं लगा. तेजस्वी ने प्रधानमंत्री पर बिना योगदान के परियोजना का राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप भी लगाया.

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जो लोग हर काम में श्रेय लेने की होड़ में लगे रहते हैं वे काम के महत्व को नहीं समझ सकते. उन्होंने कहा कि किसी परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए अलग-अलग संस्थाओं और व्यवस्थाओं के बीच तालमेल बनाना पड़ता है. इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं समझा जा सकता.

नाम की राजनीति पर भी साधा निशाना

नीतीश सेतु के नाम को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी चिराग ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग नाम को लेकर लड़ाई कर रहे हैं जबकि उनकी सरकार का ध्यान काम पर है. चिराग के मुताबिक अगर विपक्ष ने अपने कार्यकाल में इस तरह के काम किए होते तो आज उनके नाम भी ऐसी परियोजनाओं से जुड़े होते.

उन्होंने कांग्रेस और राजद के लंबे शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि इन दलों के पास भी परियोजना को पूरा करने का अवसर था. अगर उस समय इच्छाशक्ति दिखाई गई होती तो काम पहले ही पूरा हो सकता था.

यह भी पढ़ें | बिहार को 34,470 करोड़ की सौगात देंगे PM मोदी, नीतीश सेतु समेत कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chirag Paswan, Ram Vilas Paswan, Nitish Setu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com