विज्ञापन
This Article is From Jun 22, 2019

सुशील मोदी की सफ़ाई, तेजस्वी यादव को नहीं दी गई कोई क्लीन चिट

मोदी ने कहा कि आखिर किस नियम के तहत तेजस्वी यादव ने भवन निर्माण विभाग के अतिरिक्त पुल निर्माण निगम से 59 लाख का कीमती फर्नीचर मंगवाया.

सुशील मोदी की सफ़ाई, तेजस्वी यादव को नहीं दी गई कोई क्लीन चिट
बिहार के उप मुख्‍यमंत्री सुशील कुमर मोदी (फाइल फोटो)
पटना:

बिहार में लगता है मंत्री और अधिकारी एक दूसरे से बात चीत नहीं करते. इसका एक उदाहरण शनिवार को देखने को मिला जब भवन निर्माण विभाग के प्रधान सचिव द्वारा तेजस्वी यादव को क्लीन चिट दिए जाने की ख़बर के बाद उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि 5 देशरत्न मार्ग स्थित बंगले की साज-सज्जा पर अपने पद का दुरूपयोग कर करोड़ों खर्च कराने के मामले में तेजस्वी यादव को सरकार ने काई क्लीनचिट नहीं दी है. मोदी ने कहा कि आखिर किस नियम के तहत तेजस्वी यादव ने भवन निर्माण विभाग के अतिरिक्त पुल निर्माण निगम से 59 लाख का कीमती फर्नीचर मंगवाया.

उन्होंने कहा कि आखिर तेजस्वी यादव ने किस प्रावधान के तहत केवल कमरे में ही नहीं बल्कि शौचालय तक में एसी लगवाए, 35 महंगे लेदर सोफा, विदेशी ग्रेनाइट/मार्बल, दीवारों की वुडेन पैनलिंग और फर्श पर वुडेन फ्लोरिंग, मॉड्यूलर किचेन, 464 महंगी फैंसी एलईडी लाईट, 108 पंखे, लाखों का बिलियडर्स टेबुल, व कीमती पर्दे आदि पर अनाप-शनाप सरकारी धन खर्च कराया.

मोदी के अनुसार तेजस्वी यादव की अपव्ययिता, फिजूलखर्ची व बंगले की 7 स्टार वाली साज-सज्जा के बाद ही तो भवन निर्माण विभाग को नया गाइडलाइन जारी करना पड़ा है ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति तेजस्वी की तरह सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं कर सके. अगर तेजस्वी यादव ने अपने पद का दुरूपयोग और फिजूलखर्जी कर बंगले पर कब्जा नहीं जमाया होता तो सुप्रीम कोर्ट को 50 हजार रुपये का दंड लगा कर उन्हें बंगला खाली करने के लिए बाध्य नहीं करना पड़ता.

VIDEO: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तेजस्‍वी का तीखा हमला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com