मोतिहारी के बापूधाम रेलवे स्टेशन पर इन दिनों एक ऐसा 'सिपाही' तैनात था, जिसकी हकीकत जानकर हर कोई हैरान रह गया. पिछले 10 दिनों से वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहे पवन कुमार को बाइक क्यूआरटी टीम ने संदेह के आधार पर पकड़ा. जब तलाशी ली गई तो उसके पास से बिहार पुलिस की वर्दी, बेल्ट और नीली टोपी मिली. नगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन की टीम ने जब सख्ती से पूछताछ की तो जालसाजों का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया.
नौकरी का झांसा और लाखों की ठगी
आरोपी पवन कुमार, जो मूल रूप से राजेपुर थाना क्षेत्र के इस्माइल गांव का रहने वाला है, ने बताया कि उसका सपना पुलिस में भर्ती होने का था. इसी का फायदा उठाकर हरेंद्र राम नामक एक व्यक्ति ने उसकी मां को अपने जाल में फंसाया. हरेंद्र ने दावा किया कि उसके पटना सचिवालय में बड़े रसूख हैं और वह पवन को सिपाही की नौकरी दिला सकता है. इस भरोसे के बाद पवन के परिवार ने चार लाख रुपये की बड़ी रकम जुटाकर दे दी. इसमें से एक लाख रुपये ऑनलाइन और तीन लाख रुपये नकद दिए गए थे.
ड्यूटी के नाम पर बड़ा झूठ
ठगों ने अपना काम इतनी सफाई से किया कि पवन को न केवल फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया, बल्कि उसे बकायदा बापूधाम रेलवे स्टेशन पर 'ड्यूटी' करने के निर्देश भी दिए. पवन मुजफ्फरपुर से रोज सुबह मोतिहारी आता और पूरी ईमानदारी से वर्दी पहनकर अपनी 'ड्यूटी' करता. उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह वर्दी का इस्तेमाल कर रहा है, वह असल में एक अपराध है. उसने अपने परिवार और गांव में भी यह बता दिया था कि वह बिहार पुलिस में सिपाही बन गया है.
गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले के मुख्य सूत्रधारों यानी हरेंद्र राम, वासुदेव राम और उसकी पत्नी की तलाश में जुट गई है. प्रारंभिक जांच में यह एक बड़े अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का मामला लग रहा है. नगर थाना पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने युवाओं को अपना शिकार बनाया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस धोखाधड़ी में शामिल हर एक व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना उन युवाओं के लिए एक चेतावनी है जो नौकरी पाने की जल्दी में शॉर्टकट का रास्ता अपनाते हैं.
यह भी पढ़ें- 25 साल पुराने मर्डर केस में 12 को उम्रकैद, फैसले के बाद मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में मारपीट; मचा हंगामा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं