मुजफ्फरपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हजारों की संख्या में प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन की बड़ी खेप को जब्त किया है. साथ ही पुलिस ने अंतर-जिला गिरोह के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ पुलिस की पूछताछ में पटना से लेकर नेपाल तक नशीली इंजेक्शन के तस्करी का खेल सामने आया है, जिसका भंडाफोड़ किया गया है.
6,300 प्रतिबंधित इंजेक्शन गाड़ी से बरामद
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार की सूचना पर सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी न्यू फोर लेन स्थित मैदापुर चौबे के पास सदर थाना की पुलिस के द्वारा वाहन जांच के दौरान एक टाटा सुमो विक्टा गाड़ी से 6,300 प्रतिबंधित इंजेक्शन, चार मोबाइल फोन और 57,800 रुपये नकद बरामद किए गए है.
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गये आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी आजाद अंसारी और चुमन राय तथा रक्सौल थाना क्षेत्र निवासी मो. सलीम और सोनू कुमार उर्फ राहुल के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की है. वहीं गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश भी की जा रही है.
मुजफ्फरपुर को मिली थी गुप्त सूचना
पूरे मामले में जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक वाहन से पटना से प्रतिबंधित इंजेक्शन लेकर नेपाल जा रहे थे. तभी गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के न्यू बायपास फोरलेन के पास कार्रवाई कर नशीली इंजेक्शन के तस्करों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब गिरोह के आपराधिक इतिहास और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई में जुटी है.
यह भी पढ़ेंः बिहारः ड्यूटी पर नशे में थे डॉक्टर साहब, CMO के निरीक्षण में पकड़े गए फिर बुला ली पुलिस, बरामद हुआ शराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं