उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में डाक विभाग के एक कर्मचारी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की जेब से मिले तीन पन्नों के सुसाइड नोट में विभाग के ही दो अधिकारियों पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है. वहीं, आक्रोशित परिजनों ने आरोपी अधिकारियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है. (प्रमोद कुमार पांडे की रिपोर्ट)
शव घर से करीब 200 मीटर दूर मिला
मृतक की पहचान 26 वर्षीय निखिल वर्मा के रूप में हुई है, जो थाना बिछवा क्षेत्र के रामनगर बरतापुर निवासी धर्मेंद्र सिंह का पुत्र था. निखिल पिछले तीन वर्षों से डाक विभाग में कार्यरत था और वर्तमान में बेवर क्षेत्र के मुड़ई में तैनात था. शुक्रवार सुबह उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर एक कमरे में गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला.

mainpuri postal employee suicide case officers blamed
साथी कर्मचारी को फोन कर जानकारी दी
बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले निखिल ने अपने विभाग के एक साथी कर्मचारी को फोन कर कुछ जानकारी दी थी, जिसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. साथी कर्मचारी ने जब अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों को सूचना दी, तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. वहां निखिल का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की विधिक कार्रवाई शुरू की.

mainpuri postal employee suicide case officers blamed
डाक अधीक्षक पर गंभीर आरोप
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को निखिल की जेब से तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ. इस सुसाइड नोट में डाक अधीक्षक एस.के. शुक्ला और मेल ओवरसियर श्याम तिवारी पर प्रताड़ना के सीधे आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी है.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बिछवा थाने पहुंच गए. परिजनों का सीधा आरोप है कि विभागीय अधिकारियों के अत्यधिक मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर ही निखिल ने यह आत्मघाती कदम उठाया. उनका कहना है कि जब तक सुसाइड नोट में नामजद दोनों अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे.
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर डाक विभाग के कई अन्य कर्मचारी और मृतक के सहकर्मी भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट समेत मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- IPS Transfer: मध्य प्रदेश में पुलिस अफसरों के तबादले, आईपीएसस पति-पत्नी की जोड़ी को जबलपुर भेजा
यह भी पढ़ें- एक परिवार में पांच IPS: दादा को देख 2 पोती भी बनीं आईपीएस, मिनी शुक्ला को भोपाल की कमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं