बिहार के सारण में एक युवक ने 5 साल के भीतर 3 शादियां कर डाली, और तीनों पत्नियों से उसके 8 बच्चे भी हैं. तीसरी शादी की जानकारी मिलते ही पहली दो पत्नियां थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. युवक ने तीसरी शादी दूसरी पत्नी की सगी बहन से की तो दोनों को पता चला.
रानी से 2021 में पहली शादी
मशरक थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का करण (29) ने साल 2021 में रानी देवी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी. इस शादी से तीन बच्चे हैं. करण काम के सिलसिले में दिल्ली गया.इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी पहचान सीवान की विधवा रेखा देवी से हुई. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और अप्रैल 2025 में गोरखपुर के एक मंदिर में शादी कर ली. इस पत्नी से भी उसको एक बेटा हुआ है.
दूसरी पत्नी की बहन से की तीसरी शादी
मामला तब और उलझ गया, जब करण ने मार्च 2026 में रेखा देवी की सगी बहन सीता कुमारी से भी छपरा के एक मंदिर में तीसरी शादी कर ली. तीसरी शादी की जानकारी मिलते ही पहली पत्नी रानी देवी और दूसरी पत्नी रेखा देवी थाने पहुंचीं. दोनों ने पति पर धोखा देने और अधिकार छीनने का आरोप लगाया. अब तीनों महिलाएं अपने-अपने बच्चों के भविष्य को लेकर न्याय की मांग कर रही हैं. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी करण को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
दूसरी पत्नी की जानकारी नहीं थी
पहली पत्नी रानी ने बताया, "मैं करण की पहली पत्नी हूं. उसने बाहर दूसरी शादी कर ली और हमें पता भी नहीं चला. उसने रेखा देवी से लव मैरिज की. रानी की मां रामावती देवी ने कहा, "हमको इंसाफ चाहिए. दान-दहेज देकर बेटी की शादी की थी, बेटी को ठीक से नहीं रख रहा है, और तीन शादी कर लिया है.
रेखा देवी से फोन पर हुआ संपर्क
दूसरी पत्नी रेखा देवी ने बताया कि फोन से संपर्क हुआ और धोखे से शादी कर ली. रेखl के पहले पति की गंगा में डूबकर मौत हो गई थी. पहले पति से चार बच्चे हैं, और करण से एक बच्चा है. रेखा देवी ने बताया कि इसके बाद उसने उसकी छोटी बहन सीता कुमारी से तीसरी शादी कर ली. अब हमारी बेटी से शादी करने के लिए कह रहा है. कहता है कि अभी दो और शादी करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं