विज्ञापन

बिहार में 2 सहेलियों की शादी का वीडियो वायरल, प्यार की खातिर युवती बनी दूल्हा, विवाह से पहले जेंडर चेंज करवाया

दोनों सहेलियों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. राखी के परिजनों ने रिश्ते को मंजूरी भी दे दी, लेकिन नैंसी के परिजन नाराज हैं. घरवालों को जब शादी की जानकारी मिली तो राखी के घर भी पहुंचे, लेकिन वहां दूल्हा-दुल्हन मौजूद नहीं थे. पढ़िए गौतम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट.

जमुई में 2 सहेलियों ने की शादी.

बिहार के जमुई की एक शादी का वीडियो चर्चा में है. मामला लक्ष्मीपुर प्रखंड की दो लड़कियों की शादी का है. नजारी गांव की रहने वाली नैंसी और राखी कुमारी दोनों सहेली हैं और अब साथ रहने का फैसला कर लिया है. जब दोनों ने शादी की तो पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई. विवाह से पहले राखी ने जेंडर भी चेंज करवाया. हिंदू रीति-रिवाज से शादी करते हुए राखी दूल्हा और नैंसी दूल्हन बनी. शादी के बाद दुल्हन नैंसी राखी के पैतृक गांव हरला पहुंची, जहां परिजनों ने दोनों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया.

गांव से 3 किमी दूर स्कूल में पोस्टेड हैं नैंसी

जानकारी के अनुसार, नैंसी और राखी बचपन से एक-दूसरे की करीबी मित्र थीं. समय के साथ दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई. इश्क इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाई. इसी दौरान, नैंसी ने बीपीएससी परीक्षा पास कर ली और टीचर बन गई. उसकी पोस्टिंग गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मेदिनीपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुई.

राखी ने दिल्ली में कराया जेंडर चेंज

नौकरी मिलने के बाद नैंसी ने अपनी सहेली राखी का जेंडर चेंज करवाने का फैसला लिया. इसके लिए वह उसे दिल्ली लेकर गई, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद राखी का जेंडर ट्रांजिशन कराया गया. इसके बाद दोनों ने मलयपुर थाना क्षेत्र स्थित पतनेश्वर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया. जब दोनों की शादी का वीडियो सामने आया तो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया.

नैंसी के घरवाले शादी को लेकर राजी नहीं 

भले ही राखी के परिवार ने रिश्ते पर सहमति दे दी है, लेकिन नैंसी के लिए परेशानी बनी हुई है. नैंसी का परिवार शादी के बाद से नाराज है और तनाव की स्थिति बनी हुई है. बताया जाता है कि शादी की जानकारी मिलने के बाद नैंसी के परिजन राखी के घर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों वहां से जा चुके थे.

यह भी पढ़ेंः बिहार में गर्भवती महिलाओं के साथ बढ़ी हिंसा तो सरकार की दलील-रिपोर्टिंग बढ़ी, एक्टिविस्ट के सवाल ने खोली पोल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jamui Girls Marriage, Bihar Girls Marriage, Gender Change, Love Affair, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com