विज्ञापन

कौन हैं सीके अनिल, जिन्हें बिहार में मिली बड़ी जिम्मेदारी, कभी शहाबुद्दीन पर की थी कार्रवाई, सीवान से ही नई पारी

कभी बिहार में आरजेडी नेता शहाबुद्दीन के खिलाफ कार्रवाई कर चर्चा में रहे सीके अनिल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. वह सीवान जिले से ही नई पारी शुरू करने जा रहे हैं, उन्हें बिहार का नया अपर मुख्य सचिव बनाया गया है.

कौन हैं सीके अनिल, जिन्हें बिहार में मिली बड़ी जिम्मेदारी, कभी शहाबुद्दीन पर की थी कार्रवाई, सीवान से ही नई पारी
सीके अनिल को बिहार में मिली बड़ी जिम्मेदारी (फोटो:NDTV)
  • बिहार में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीके अनिल को शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है
  • सीके अनिल ने 2005 में सीवान में बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन के खिलाफ महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई की थी
  • उस कार्रवाई में शहाबुद्दीन के कई ठिकानों पर छापेमारी कर हथियार और सुरक्षा उपकरण बरामद किए गए थे

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है, जिसमें सीनियर आईएएस अधिकारी सीके अनिल को फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है. कभी पूर्व सांसद शहाबुद्दीन पर कार्रवाई कर चर्चा में आए सीके अनिल सीवान से ही अपनी नई पारी शुरू करने वाले हैं. सीके अनिल को बिहार का नया अपर मुख्य सचिव बनाया गया है, जिन्होंने अपनी समीक्षा बैठक के लिए सीवान जिले को ही चुना है. करीब 21 साल पहले सीवान के डीएम रहते हुए वह बाहुबली नेता और पूर्व राजद सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में आए थे. उस समय उनके नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहाबुद्दीन के पैतृक गांव प्रतापपुर में छापेमारी की थी. 

मोहम्मद शहाबुद्दीन के खिलाफ की थी कार्रवाई 

सीवान जिले के जिलाधिकारी रहते हुए सीके अनिल ने 2005 में बड़ी कार्रवाई की थी. 24 अप्रैल 2005 को जिला प्रशासन और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने मोहम्मद शहाबुद्दीन के पैतृक गांव प्रतापपुर में उनके और उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की थी, इस अभियान में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रत्न संजय भी शामिल थे. जानकारी के मुताबिक प्रशासनिक टीम ने शहाबुद्दीन के घर समेत 11 ठिकानों पर तलाशी ली थी. तब हथियार, कारतूस, नाइट विजन उपकरण, वायरलेस सेट और बुलेटप्रूफ जैकेट सहित कई सामान बरामद की गई थी.

शहाबुद्दीन की एंट्री पर लगाई थी रोक

इससे पहले सीके अनिल ने शहाबुद्दीन के सीवान जिले में प्रवेश पर छह महीने का प्रतिबंध लगाने का आदेश भी दिया था. हालांकि इस आदेश को बाद में सारण प्रमंडल के आयुक्त ने निरस्त कर दिया था. प्रतापपुर में हुई छापेमारी ने उस दौर में बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था और बाहुबली राजनीति के बीच टकराव को राष्ट्रीय चर्चा का विषय बना दिया था. जिसकी वजह से सीके अनिल की सब जगह जमकर चर्चा हुई थी. 

सीके अनिल का लंबा करियर 

सीके अनिल का पूरा नाम चंद्रकांत कुमार अनिल है. वह बिहार कैडर के 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उनकी शुरुआती तैनाती रोहतास में अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में हुई थी, इसके बाद उन्होंने बोकारो में एसडीओ और देवघर में उप विकास आयुक्त के रूप में काम किया. फिर वह चतरा और सीवान जिले के जिलाधिकारी भी रहे थे. तीन दशक से अधिक के प्रशासनिक करियर में उन्होंने स्वास्थ्य, कल्याण, कृषि और सहकारिता जैसे विभागों में जिम्मेदारियां निभाईं. वह कृषि विभाग में सचिव और सहकारिता विभाग में निदेशक जैसे पदों पर काम कर चुके हैं. शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिलने से पहले वह बिहार राज्य योजना पर्षद में परामर्शी के पद पर तैनात थे. सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से 29 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के तहत उन्हें शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है.

ये वीडियो भी देखिए

सीवान में की पहली समीक्षा बैठक 

कभी शहाबुद्दीन के खिलाफ 2005 में कार्रवाई कर चर्चा में रहे सीके अनिल ने बिहार का नया अपर मुख्य सचिव बनने के बाद सीवान जिले में ही पहली समीक्षा बैठक की थी. सीके अनिल की पहली समीक्षा बैठक में स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं और पढ़ाई की गुणवत्ता पर दिया गया जोर उनकी शुरुआती प्राथमिकताओं का संकेत देता है. शिक्षा में एआई के इस्तेमाल और सेवानिवृत्त अधिकारियों की शैक्षणिक सेवाएं लेने का प्रस्ताव भी इसी दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा सकता है. सीके अनिल ने अपने करियर में जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य, कृषि और सहकारिता जैसे विभागों में काम किया है. सीवान में शहाबुद्दीन के खिलाफ कार्रवाई ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी. अब शिक्षा विभाग में उनकी नई भूमिका का आकलन उनके पुराने प्रशासनिक रिकॉर्ड से अधिक आने वाले फैसलों और उनके परिणामों से होगा. 

ये भी पढ़ेंः बिहार के IPS भानु प्रताप का पारिवारिक विवाद पहुंचा CM आवास तक, पत्नी पूजा सिंह धरने पर बैठी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Shahabuddin Case, Bihar IAS Transfer, Bihar Education Department, Bihar Govt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com