विज्ञापन
This Article is From Apr 11, 2020

लॉकडाउन में बारात ले जाने में हो रही परेशानी, तो दुल्हन के पिता को लिखा खत, गिरिराज सिंह बोले- मान जाइए 'ससुर जी'

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने सोशल मीडिया के जरिए ही शादी की तारीख को आगे बढ़ाने के लिए दूल्हे के होने वाले ससुर से निवेदन किया है.

लॉकडाउन में बारात ले जाने में हो रही परेशानी, तो दुल्हन के पिता को लिखा खत, गिरिराज सिंह बोले- मान जाइए 'ससुर जी'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने निवेदन पत्र को ट्वीट किया है. (फाइल फोटो)
  • शादी की तारीख आगे बढ़ाने वाला निवेदन पत्र वायरल
  • गिरिराज सिंह ने पत्र ट्वीट करते हुए कहा- मान जाइए
  • कोरोनावायरस से निपटने को 21 दिनों का लॉकडाउन
पटना:

देश और दुनिया में कोरोनावायरस (Coronavirus) ने भयानक तबाही मचाई है. भारत में अब तक 7000 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं. बीते महीने पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कोरोना से बचाव के एहतियातन देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. लॉकडाउन की वजह से शादी व अन्य मांगलिक कार्यों को टाला जा रहा है. शादी की तारीख को आगे बढ़ाने के लिए एक ऐसा ही निवेदन पत्र इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने सोशल मीडिया के जरिए ही शादी की तारीख को आगे बढ़ाने के लिए दूल्हे के होने वाले ससुर से निवेदन किया है.

वायरल हो रहे निवेदन पत्र के अनुसार, शादी का यह मामला बिहार के समस्तीपुर जिले का है. 12 अप्रैल को यह शादी होनी है लेकिन इस शादी पर भी लॉकडाउन का असर पड़ता दिख रहा है. दरअसल 12 अप्रैल को बेगूसराय के रहने वाले मदन नामक शख्स की शादी होनी है. पत्र में बारात ले जाने में हो रही मुश्किल का जिक्र किया गया है. साथ ही बताया गया है कि एक गाड़ी में ड्राइवर समेत तीन लोगों को बैठने की अनुमति मिली है. तीन की संख्या को हिंदू धर्म में अशुभ बताते हुए निवेदन किया गया है कि शादी की तारीख को आगे बढ़ाया जाए. गिरिराज सिंह ने पत्र को ट्वीट करते हुए लिखा, 'मान लीजिए श्रीमान मदन भैया के होने वाले ससूर जी. घर पर रहे, सुरक्षित रहे.' केंद्रीय मंत्री के ट्वीट को लोग खूब पसंद कर रहे हैं. अभी तक एक हजार से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं.

बताते चलें कि दुनिया के साथ-साथ भारत में भी कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, 180 से ज्यादा देशों में फैल चुका यह वायरस अब तक 98,000 से ज्यादा जानें ले चुका है. दुनियाभर में 16 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं. भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 7447 हो गई है. पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1035 नए मामले सामने आए हैं और 40 लोगों की मौत हुई है. देश में अभी तक 239 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि 643 मरीज इस बीमारी को हराने में कामयाब भी हुए हैं. देश के सभी राज्यों से इसके मरीज सामने आ रहे हैं. केंद्र सरकार ने इससे बचाव के चलते ही देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की है. 14 अप्रैल को यह लॉकडाउन खत्म हो रहा है. ओडिशा और पंजाब ने लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर दी है. दोनों राज्यों में अब 30 अप्रैल तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा. अन्य राज्य सरकारें भी इसे बढ़ाने पर विचार कर रही हैं.

VIDEO: जो कोरोना को पराजित कर चुके हैं आज हमें उनसे प्रेरणा लेनी है : PM मोदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Giriraj Singh, Marriage In Lockdown, Coronavirus Lockdown, Coronavirus Lockdown Bihar, Coronavirus, COVID 19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com