विज्ञापन

बिहार में कोचिंग संस्थान में तेज धमाका... टूटी छत, भगदड़ में घायल हुई कई छात्राएं, FSL कर रही जांच

घटना के समय इंटरमीडिएट के करीब 25 छात्र-छात्रा मौजूद थे. अचानक हुए धमाके के बाद छात्र-छात्राएं घबराकर बाहर की ओर भागने लगे. इसी दौरान भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई.

बिहार में कोचिंग संस्थान में तेज धमाका... टूटी छत, भगदड़ में घायल हुई कई छात्राएं, FSL कर रही जांच
सीवान में कोचिंग में धमाका
Bihar News:

सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र स्थित गौसिहाता गांव में बुधवार (13 मई) को एक कोचिंग संस्थान में अचानक हुए तेज धमाके से अफरा-तफरी मच गई. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि क्लासरूम की छत पर लगा एस्बेस्टस टूट गया और सुतली बम कि तरह वस्तु अंदर आ गिरी. घटना के बाद क्लास में मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच भगदड़ मच गई. जिसमें करीब आधा दर्जन छात्रों को मामूली रूप से घायल हो गईं .जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पास के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया.

बताया जा रहा है कि घटना के समय इंटरमीडिएट के करीब 25 छात्र-छात्रा मौजूद थे. अचानक हुए धमाके के बाद छात्र-छात्राएं घबराकर बाहर की ओर भागने लगे. इसी दौरान भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. जांच के दौरान क्लास रूम से सुतली बरामद हुई है, जो प्रथम दृष्टया किसी बड़े पटाखे का हिस्सा प्रतीत हो रही है. हालांकि पुलिस अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

पूर्व में भी हो चुकी हैं घटनाएं

कोचिंग संचालक दीपू कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 से गांव में स्पोर्ट क्लासेज नाम से कोचिंग संस्थान संचालित किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कोचिंग का बैनर फाड़ने और बिजली मीटर क्षतिग्रस्त करने जैसी घटनाएं की जा चुकी हैं.उन्होंने कहा कि कोचिंग में बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ने आती हैं और कुछ युवक अक्सर कोचिंग के आसपास जमावड़ा लगाते थे. इसको लेकर कई बार आपत्ति भी जताई गई थी. आशंका जताई जा रही है कि माहौल बिगाड़ने या डराने की नीयत से बड़े पटाखे का इस्तेमाल किया गया हो.

पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच

सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में मामला बड़े पटाखे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है. वहीं बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने कहा कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ेंः बिहार में कोचिंग सेंटर चलाने के लिए करना होगा ये काम, वरना भरना पड़ेगा 2 लाख का जुर्माना

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com