मधेपुरा जिले के बिहारीगंज-मुरलीगंज एसएच-91 पर बाढ़ राहत शिविर तुलसिया के सामने सोमवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सड़क के बीचो-बीच पड़े शव को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है. जींस और गंजी पहने हुए था, जबकि उसके शरीर पर कमीज नहीं थी.
खून से लथपथ मिली थी लाश
स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह करीब 6 बजे सड़क पर खून से लथपथ शव देखा और इसकी सूचना बिहारीगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लवकुश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
युवक की हत्या आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है. पुलिस के अनुसार मृतक के सिर के पिछले हिस्से और पीठ के दाहिने भाग में गोली लगने जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं. माना जा रहा है कि तड़के तीन से चार बजे के बीच अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और शव को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस ने साक्ष्य जुटाए
घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की समीक्षा की. एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस शव की पहचान कराने और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले का खुलासा हो सकेगा.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इलाके में इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
यह भी पढ़ें: पटना के अस्पताल में ITBP दरोगा का 5वीं मंजिल से गिरने का आया वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं