विज्ञापन

ब‍िहार: दूसरी पत्‍नी को अलग क‍िया तो टावर पर चढ़ गया युवक, बोला- उसे बुलाओ नहीं तो जान दे दूंगा 

पुल‍िस और व‍िधायक मौके पर पहुंच गए. काफी देर तक मान मनौव्‍वल करते रहे. कई घंटों तक हाई वोल्‍टेज ड्रामा चलता रहा. 

ब‍िहार: दूसरी पत्‍नी को अलग क‍िया तो टावर पर चढ़ गया युवक, बोला- उसे बुलाओ नहीं तो जान दे दूंगा 
बिहार के समस्तीपुर में मोबाइल टावर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने के लिए मनाते विधायक और पुलिस प्रशासन. (वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट)

समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड के हलई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ररियाही पंचायत के कुमैया चौक पर बुधवार शाम शादीशुदा युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. दूसरी पत्नी को बुलाने की ज‍िद पर अड़ा रहा. सूचना पर पुल‍िस और व‍िधायक मौके पर पहुंच गए. काफी देर तक समझाते बुझाते रहे, लेक‍िन वह अपनी ज‍िद पर ही अड़ा रहा. करीब 6 घंटे तक हाई-वोल्‍टेज ड्रामा चला, इसके बाद नीचे उतरा.

15 साल पहले हुई थी पहली शादी  

वासुदेव कुमार की शादी करीब 15 साले पहले हुई थी, लेकिन उसे संतान नहीं थी. वह हैदराबाद में मजदूरी करता था. करीब दो साल पहले पटोरी थाना क्षेत्र के धमौन गांव की एक युवती से उसका संपर्क हुआ. धीरे-धीरे दोनों के बीच अफेयर हो गया. करीब एक महीने पहले दोनों ने हैदराबाद में ही शादी कर ली थी. युवक के परिजनों के केस दर्ज कराने पर पुल‍िस ने दोनों को हैदराबाद से बरामद कर लिया. 

गांव में युवक की पिटाई 

युवक के गांव लौटने पर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी थी. मंगलवार को पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण दोनों को अलग-अलग कर दिया गया. इसी बात से आक्रोशित होकर बुधवार शाम वासुदेव कुमार मोबाइल टावर पर चढ़ गया, और अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा. 

विधायक और पुलिस पहुंची 

युवक ने चेतावनी दी कि यदि शाम 7 बजे तक युवती को नहीं लाया गया, तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा. घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक रणविजय साहू, हलई थाना पुलिस, अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई. आसपास के लोगों की भारी भीड़ भी जमा हो गई. करीब छह घंटे तक प्रशासन और स्थानीय लोगों ने समझाया.  

विधायक रणविजय साहू और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

(इनपुट: अविनाश कुमार)

यह भी पढ़ें: बेहोशी के इंजेक्शन का ओवरडोज देकर डॉक्टर पत्नी को मार डाला, गर्लफ्रेंड को भेजे मैसेज से खुला कातिल का राज, कोर्ट में सामने आए सबूत


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com