बिहार में आज तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं दूसरी ओर दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. बेगूसराय, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, खगड़िया, लखीसराय, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, सीवान और वैशाली समेत कई जिलों के कुछ हिस्सों में अगले कुछ घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
तापमान के आंकड़ों के अनुसार दक्षिण बिहार में गर्मी का असर सबसे अधिक देखने को मिला. शेखपुरा में अधिकतम तापमान करीब 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. जबकि गया में 37.2 डिग्री सेल्सियस, कैमूर में 37.1 डिग्री सेल्सियस, सारण में 36.2 डिग्री सेल्सियस, नालंदा में 36.3 डिग्री सेल्सियस और औरंगाबाद में 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे साफ है कि राज्य के दक्षिणी हिस्सों में उमस और गर्मी दोनों बनी हुई हैं.

Photo Credit: IMD Patna
उत्तर और पूर्वोत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर और पूर्वोत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अररिया में 29.6 डिग्री सेल्सियस, किशनगंज में 29.9 डिग्री सेल्सियस, मधुबनी में 30.3 डिग्री सेल्सियस, पूर्वी चंपारण में 30.6 डिग्री सेल्सियस, सीवान में 30.4 डिग्री सेल्सियस और दरभंगा में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. इन इलाकों में बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम रहा.

Photo Credit: IMD Patna
पटना समेत मध्य बिहार में बदलेगा मौसम
पटना में अधिकतम तापमान करीब 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि पटना, वैशाली, समस्तीपुर और आसपास के इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं