- पटना मेट्रो का परिचालन जुलाई से मलाही पकड़ी तक पांच नए स्टेशनों के बीच शुरू होने जा रहा है
- मलाही पकड़ी से न्यू ISBT तक मेट्रो का अधिकतम किराया 30 रुपये और भूतनाथ तक 15 रुपये होगा
- मेट्रो खेमनीचक स्टेशन से होकर गुजरेगी पर अभी निर्माण अधूरा होने से यहां ठहरेगी नहीं
बिहार की राजधानी पटना के लोगों के लिए मेट्रो को लेकर गुड न्यूज है. जुलाई से मेट्रो 5 और स्टेशनों तक दौड़ने जा रही है. सीएम सम्राट चौधरी 2 जुलाई को मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही मलाही पकड़ी से न्यू ISBT तक यानी कि 5 और स्टेशनों के बीच मेट्रो का सफर शुरू हो जाएगा.
पटना के इन 5 स्टेशनों के बीच दौड़ेगी मेट्रो
पटना मेट्रो न्यू ISBT से शुरू होकर जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन तक जाएगी. ध्यान देने वाली बात ये है कि भले ही मेट्रो खेमनीचक स्टेशन से होकर गुजरेगी लेकिन यहां रुकेगी नहीं. दरअसल इस स्टेशन पर निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है इसीलिए मेट्रो यहां पर नहीं रुकेगी. स्टेशन जब पूरी तरह बन जाएगा तब ये यात्रियों के लिए खुलेगा.

पटना मेट्रो का किराया कितना होगा?
न्यू ISBT से मलाही पकड़ी तक का मेट्रो का अधिकतम किराया 30 रुपये तय किया गया है. वहीं भूतनाथ स्टेशन तक जाने के लिए 15 रुपये चुकाने होंगे. बता दें कि वर्तमान में मेट्रो सेवा न्यू ISBT से सिर्फ भूतनाथ स्टेशन के बीच ही मिल रही है जो अब मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन तक जाएगी. मेट्रो का संचालन वाकी-टाकी आधारित कम्यूनिकेशन सिस्टम के जरिए किया जा रहा है. फिलहाल सिंगल ट्रैक होने की वजह से मेट्रो एक ही ट्रैक पर ही चल रही है.
पटना के इन इलाकों को होगा फायदा
मलाही पकड़ी तक मेट्रो शुरू होने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग और आसपास के इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. बता दें कि मेट्रो की अधिकतम स्पीड 40 किमी. प्रति घंटा होगी. मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर मेट्रो टनल से जोड़ने का काम भी चल रहा है. मोइनुल हक स्टेडियम स्टेशन तक टनल की खुदाई पूरी भी हो चुकी है.
इस रूट पर मेट्रो शुरू होने से बैरिया बाइपास और बस स्टैंड की तरफ जाने वालों और उधर से राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन आने वालों को जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं गांधी मैदान से आकाशवाणी स्टेशन तक टनल की खुदाई का काम भी अंतिम चरण में है. मोइनुल हक स्टेडियम से पटना यूनिवर्सिटी, PMCH और गांधी मैदान तक टनल बन चुकी है अब सिविल कार्य चल रहा है. न्यू ISBT से पटना जंक्शन तक जाने वाली पटना मेट्रो की ब्लू लाइन 14.45 किमी. लंबी होगी. वहीं खेमनीचक से दानापुर तक रेड लाइन 17 किमी. लंबी होगी.
सचिवालय तक सीधी दौड़ेगी मेट्रो
पटना मेट्रो के पश्चिमी कारिडोर में अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों सेक्शन्स पर काम तेजी से चल रहा है. आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से नेहरू पथ तक अंडरग्राउंड लाइन बन रही है जो कि विद्युत भवन तक जाएगी. वहीं विद्युत भवन के पास नया अंडर ग्राउंड स्टेशन बनेगा. इससे सचिवालय और आसपास के सरकारी दफ्करों तक पहुंचने वालों को मेट्रो की सीधी सुविधा मिलेगी. ये टनल विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक जाएगी.
पाटलिपुत्र स्टेशन के बाद मेट्रो एलिवेटेड ट्रैक पर दौड़ेगी. यह कारिडोर RPS मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर स्टेशन तक जाएगा, जिससे पश्चिमी पटना और दानापुर के लोगों को काफी फायदा होगा. दानापुर से पाटलिपुत्र स्टेशन के बीच एलिवेटेड कारिडोर का काम भी लगभग अंतिम चरण में है.
ये भी पढ़ें-Patna News Live Updates: सीएम सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो रेल परियोजना की समीक्षा की, दिए निर्देश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं