विज्ञापन

छपरा में दर्दनाक हादसा, लुधियाना से घर लौटी मां और बेटे समेत चार की मौत, ओवरटेक कर रहे ट्रक ने टेंपो को रौंदा

बिहार के सारण जिले में छपरा-रेवा एनएच-722 पर हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो को कुचल दिया. हादसे में लुधियाना से घर लौट रही अनु कुमारी, उनके बेटे ऋषभ समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि अनु के पति विशाल कुमार और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल होकर पटना रेफर किए गए हैं.

छपरा में दर्दनाक हादसा, लुधियाना से घर लौटी मां और बेटे समेत चार की मौत, ओवरटेक कर रहे ट्रक ने टेंपो को रौंदा
NDTV

बिहार के सारण जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. छपरा-रेवा एनएच-722 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

यह हादसा गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा गांव के पास हुआ. मृतकों की पहचान टेंपो चालक आशीष कुमार, उनके ममेरे भाई अमन कुमार, अनु कुमारी और उनके पुत्र ऋषभ के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अनु कुमारी अपने पति विशाल कुमार और दो बच्चों के साथ पंजाब के लुधियाना से छपरा आई थीं. स्टेशन से घर लौटने के लिए परिवार टेंपो में सवार हुआ था. इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को कुचल दिया.

घायलों को रेफर किया गया पटना

हादसे में अनु कुमारी और उनके बेटे ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं टेंपो चला रहे आशीष कुमार और उनके ममेरे भाई अमन कुमार ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया. अनु के पति विशाल कुमार और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है.

मृतक आशीष कुमार के पिता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि उनके बेटे के पैर में चोट लगी थी. इसके कारण वह पिछले करीब छह महीने से घर पर ही था. उन्होंने कहा कि आशीष एक दिन पहले ही टेंपो लेकर सवारी ढोने निकला था. परिवार को उम्मीद नहीं थी कि काम पर निकला बेटा कभी घर वापस नहीं लौटेगा. उन्होंने कहा कि ट्रक चालक लापरवाही से उनके बेटों की जान चली गई.

यह भी पढ़ें: करवाचौथ से पहले खूनी साजिश: पत्नी ने जिम ट्रेनर प्रेमी संग मिलकर पति पर करवाया जानलेवा हमला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chapra, Saran, Bihar Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com