विज्ञापन

जमुई कांड: छात्रा को इंसाफ दिलाएंगी ब‍िहार की 'लेडी सिंघम', कौन हैं IPS दीप्ति मोनाली?

बिहार के जमुई में दसवीं की छात्रा से हैवानियत मामले की जांच के लिए IPS दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में SIT गठित की गई है. दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर UPSC 2023 में 184वीं रैंक हासिल करने वाली दीप्ति जमुई की पहली महिला SDPO हैं. पढ़िए पूरी खबर.

जमुई कांड: छात्रा को इंसाफ दिलाएंगी ब‍िहार की 'लेडी सिंघम', कौन हैं IPS दीप्ति मोनाली?
ips dipti monali lead jamui sit investigation bihar
  • जमुई में दसवीं की छात्रा के साथ हुई हैवानियत की जांच की कमान आईपीएस अधिकारी दीप्ति मोनाली को सौंपी गई है
  • दीप्ति मोनाली ने UPSC में 184वीं रैंक हासिल कर बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी के रूप में चयन प्राप्त किया था
  • दीप्ति मोनाली जमुई की पहली महिला अनुमंडल पुलिस अधिकारी हैं

बिहार के जमुई में दसवीं की छात्रा के साथ हुई हैवानियत की जांच की कमान दबंग आईपीएस अधिकारी दीप्ति मोनाली के हाथ में होगी. जमुई के सांसद अरुण भारती ने बताया कि घटना की जांच के लिए सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर दीप्ति मोनाली की अगुवाई में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है.

UPSC में 184वीं रैंक और जमुई की पहली महिला SDPO

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 में अखिल भारतीय स्तर पर 184वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हुईं दीप्ति मोनाली वर्तमान में जमुई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात हैं. 2024 बैच की बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी दीप्ति ने जमुई अनुमंडल की कमान संभालकर जिले की पहली महिला एसडीपीओ बनने का गौरव हासिल किया है.

पटना में परवरिश और दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा

मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण की रहने वाली IPS दीप्ति मोनाली की परवरिश पटना में हुई. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, पटना से पूरी की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह दिल्ली विश्वविद्यालय गईं, जहां उन्होंने दौलत राम कॉलेज से दर्शनशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके पश्चात उन्होंने प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस से दर्शनशास्त्र में ही स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की.

गया में प्रोबेशन से लेकर जमुई तक का प्रशासनिक सफर

अपनी शैक्षणिक शिक्षा पूरी करने के बाद दीप्ति ने राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया और भारतीय पुलिस सेवा में अपने व्यावहारिक कार्यकाल की शुरुआत की. उनकी पहली महत्वपूर्ण तैनाती गया जिले में प्रशिक्षु सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में हुई. गया में व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें जमुई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई.

कानून-व्यवस्था और जनविश्वास मजबूत करने की बड़ी चुनौती

जमुई में पदभार ग्रहण करने के साथ ही SDPO दीप्ति मोनाली ने जिले के पुलिस प्रशासन में एक नया अध्याय जोड़ दिया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के रूप में उनकी तैनाती के बाद पहली बार जमुई सब-डिवीजन की कमान किसी महिला आईपीएस अधिकारी को मिली है. कम समय में ही उनकी कार्यशैली को लेकर जिले में चर्चा शुरू हो गई है. खासकर एक महिला अधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति को पुलिस प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. अब उन पर जमुई अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण करने और आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है.   

यह भी पढ़ें-  IIT दिल्ली से पढ़कर IPS बनीं Gen Z जया शर्मा, हर‍ियाणा पुल‍िस की DSP ने कर द‍िखाया कमाल

यह भी पढ़ें- DU से पढ़कर IPS बनीं Gen Z सिमरन भारद्वाज, हर‍ियाणा के गांव की पत्रकार ने कर द‍िखाया कमाल


पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPS, UPSC, Bihar Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com