बिहार के मधेपुरा से ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. प्रेम विवाह करने वाली एक युवती के साथ उसके ही माता-पिता द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. आरोप है कि परिवार और पंचायत के दबाव में युवती को मायके लाया गया और फिर उसके साथ हिंसा की गई. मामला शंकरपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव का है. युवती ने करीब महीनेभर पहले भतीजे से प्रेम विवाह कर लिया था. दोनों के घर एक-दूसरे के काफी करीब हैं और फिर प्यार हो गया. लेकिन उनके इस रिश्ते के बाद घर में बवाल मच गया.
पंचायत ने लगाया था 1 लाख का जुर्माना
प्रेम विवाह की जानकारी मिलने के बाद दोनों परिवारों और गांव के लोगों ने पंचायत बुलाई. पंचायत में प्रेमी युगल को अलग करने का फैसला लिया गया. इतना ही नहीं, लड़का पक्ष पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने और वह राशि लड़की पक्ष को देने का निर्णय भी किया गया. स्थानीय मुखिया ने ऐसी पंचायत होने की पुष्टि की है.
पहले तो समझाया, फिर पीटने लगे
बताया जा रहा है कि पंचायत के बाद युवती के माता-पिता उसे समझाकर ससुराल से अपने घर ले आए. लेकिन घर पहुंचते ही हालात बदल गए. आरोप है कि युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती की मां उसे बाल पकड़कर जमीन पर पटकती दिखाई दे रही है. जबकि पिता उसके गले पर पैर रखकर दबाव बनाते नजर आ रहे हैं.
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत
मामला पुलिस तक पहुंचा तो शंकरपुर थाना की टीम ने हस्तक्षेप करते हुए युवती को थाना लाई. इस संबंध में एनडीटीवी को फोन पर शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. वायरल वीडियो और आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः जन्मदिन के दिन ही मौत, दो सहेलियों की साथ उठी अर्थियां, स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद बाइक सवार की भी डेथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं