विज्ञापन

बिहार: नालंदा में कलयुगी बेटे ने पिता के सीने में उतारी गोली, 7 साल पुराना जमीन विवाद बना वजह 

बिहार के नालंदा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. तूफानगंज गांव में एक कलयुगी बेटे ने मामूली असंतोष के चलते अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

बिहार: नालंदा में कलयुगी बेटे ने पिता के सीने में उतारी गोली, 7 साल पुराना जमीन विवाद बना वजह 
बिहार के नालंदा में खूनी विवाद हो गया.

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ भागनबीघा ओपी क्षेत्र के तूफानगंज गांव में जमीन बंटवारे के पुराने विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घर लौटते ही शुरू हुआ खूनी खेल

मृतक की पहचान 48 वर्षीय बचु पासवान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार उनका बड़ा बेटा पवन पासवान बाहर रहकर काम करता था. वह बुधवार को ही अपने घर लौटा था. घर आते ही किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर पवन ने अपने पिता के सीने में गोली दाग दी. गोली लगते ही बचु पासवान लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.

सात साल पुराना विवाद बना मौत का कारण

मृतक के भाई कारू पासवान ने बताया कि परिवार में जमीन का बंटवारा करीब सात साल पहले ही हो चुका था. लेकिन पवन इस बंटवारे से खुश नहीं था और अक्सर अपनी नाराजगी जाहिर करता रहता था. माना जा रहा है कि इसी खुन्नस ने उसे कातिल बना दिया. पिता को गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें

गोलीबारी की आवाज सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल बचु पासवान को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और दावा है कि वह जल्द ही सलाखों के पीछे होगा.

यह भी पढ़ें- 'दिल्ली के डर से किरोड़ी मीणा चुप', NEET पेपर लीक पर डोटासरा ने CBI को बताया केंद्र का तोता

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com