बिहार में मुहर्रम के अवसर पर समस्तीपुर से लेकर कैमूर तक कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. मथुरापुर थाना क्षेत्र के नागरबस्ती के बूढ़ी गंडक नदी तट पर शुक्रवार को 22 अखाड़ों का ताजिया मिलान हुआ. इस दौरान पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के साथ करतब के बीच अचानक एक घर पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, घर की ओर से भी जवाब में ईंट-पत्थर फेंके गए. कुछ ही देर में इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया.
मुहर्रम के मौके पर बिहार में ताजिया के दौरान घटी अलग-अलग घटनाओं को विस्तार से जानते हैं. साथ ही जानते हैं कहां पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और प्रशासन ने किस पर क्या एक्शन लिया गया?
मथुरापुर थाना क्षेत्र की घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल और अखाड़ों के जिम्मेदार लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया. इसके बाद ताजिया मिलान का कार्यक्रम निर्धारित व्यवस्था के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया. हालांकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर डीएम और एसपी के निर्देश पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
रामनगर सारी मोहल्ले में तीन पुलिसकर्मी घायल
इसी बीच पास के ही रामनगर सारी मोहल्ले में स्थिति फिर बिगड़ गई. आरोप है कि मुहर्रम जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस के एक्शन से नाराज होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
ताजिया में कितने अखाड़ों ने लिया भाग?
ताजिया मिलान कार्यक्रम में सुखपुर, मथुरापुर, अकबरपुर पितौजिया, रामनगर, मखदूमनगर, सारी, बेगमपुर, हांसागंज, भगलिया महाराजगंज, डैनीमन, नागरबस्ती किला, नागरबस्ती बच्चा अखाड़ा, नूरगंज, बहादुरगंज समेत कुल 22 अखाड़ों ने भाग लिया था. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया. प्रशासन के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और कंट्रोल में है.
शांति व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान में जुटी टीम
इस घटना के संबंध में अंचलाधिकारी धर्मेंद्र पंडित ने बताया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान की जा रही है. वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य सबूत के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को क्षेत्र का सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है.
मोहर्रम के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है. मृतक की पहचान मो. जब्बार अंसारी (22) पुत्र मो. जावेद के रूप में हुई है, जोकि बासुदेवपुर भुट्टा चौक गोपालपुर वार्ड संख्या-9 का रहने वाला है. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम मोहर्रम के जुलूस और खेल के दौरान किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई.
अंधेरे में सीने पर चाकू से किया वार
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार विवाद के बाद आरोपी युवक उसे बहाने से अंधेरे की ओर ले गया और सीने में चाकू से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरा मौत हो गई. सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
ताजिया जुलूस की आतिशबाजी में दो घायल
एक अन्य घटना कैमूर से आई है, जहां ताजिया जुलूस के दौरान आतिशबाजी से दो लोग घायल हो गए. घायलों के नाम कुंदन कुमार और मुस्कान है. परिजनों ने जुलूस में गोली चलने का आरोप लगाया है. यह घटना देर रात करीब 1:00 बजे मोहनियां के ईश्वरगंज की है. घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जुलूस के दौरान गोली चलने के कारण छत से ताजिया देख रहे कुंदन और मुस्कान घायल हो गए. उन्होंने बताया कि गोली कुंदन के मुंह के जबड़े को आर पार हो गई. जबकि मुस्कान के हाथ मे लगी है. वही मोहनियां अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि पटाखे से दो लोग घायल हो गए. दोनों को बेहतर ईलाज के लिए रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी का परिवार नहीं सोया पूरी रात, अब किस बात का सता रहा डर? खुद किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं