विज्ञापन

Bihar: पत्नी पर गोली चलाने वाले पति का भीड़ ने कर दिया 'इंसाफ', मॉब लिंचिंग के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

Sheikhpura Crime News: नवादा का दीपक अपनी पत्नी प्रतिमा को मारने के इरादे से आया था. उसने ऑटो पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. जानिए आखिर कैथमा मोड़ पर उस वक्त क्या हुआ था? पढ़ें रंजन कुमार की यह रिपोर्ट.

Bihar: पत्नी पर गोली चलाने वाले पति का भीड़ ने कर दिया 'इंसाफ', मॉब लिंचिंग के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
घटनास्थल का जायजा लेते हुए एसपी बलिराम कुमार चौधरी.
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के शेखपुरा जिले से गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. सिरारी थाना क्षेत्र के कैथमा मोड़ के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते ऑटो पर अचानक फायरिंग शुरू हो गई. नवादा जिले के सुल्तानपुर निवासी दीपक ठाकुर ने अपनी ही पत्नी प्रतिमा देवी पर जानलेवा हमला करते हुए गोलियां बरसा दीं. गोली लगते ही प्रतिमा लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

भीड़ के हत्थे चढ़ा आरोपी पति

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए. खुद को घिरता देख आरोपी पति ने भागने की कोशिश की और उग्र होती भीड़ पर भी गोलियां चला दीं. दीपक की इस हरकत ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया. आक्रोशित भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस मॉब लिंचिंग में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया.

इलाज के दौरान मौत, पत्नी पटना रेफर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में पति-पत्नी दोनों को शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया. दीपक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, गोली लगने से घायल पत्नी प्रतिमा देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया है.

घरेलू विवाद में खूनी मोड़, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने खुद घटनास्थल और अस्पताल का जायजा लिया. एसपी ने बताया कि दीपक और प्रतिमा के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में दीपक ने अपनी पत्नी की जान लेने की कोशिश की. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने भीड़ पर भी फायरिंग की थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. फिलहाल, एफएसएल (FSL) की टीम साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस हर एंगल पर गहराई से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:- CM भी न बनाया, मंत्रालय भी बदल दिया, बिहार के नए कृषि मंत्री बने विजय सिन्हा का कद घटा या बढ़ा?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com