विज्ञापन

चाचा चले दिल्ली... CM नीतीश कुमार पर लालू की बेटी रोहिणी आचार्य का तंज

Bihar News: नीतीश कुमार के बिहार का सीएम पद छोड़कर राज्यसभा जाने से एक तरफ उनको चाहने वाले दुखी हैं तो वहीं विरोधी निशाना साध रहे हैं. लालू यादव की बेटी रोहिणी नीतीश के सीएम पद छोड़ने को उनकी पलटी मारने का नतीजा बता रही हैं.

चाचा चले दिल्ली... CM नीतीश कुमार पर लालू की बेटी रोहिणी आचार्य का तंज
नीतीश कुमार पर रोहिणी आचार्य का निशाना.
  • बिहार CM नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं
  • लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को मौकापरस्त बताते हुए सोशल मीडिया पर निशाना साधा है
  • 14 अप्रैल को नीतीश बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और उसके बाद नए सीएम का ऐलान होगा
पटना:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली रवाना हो गए. 10 अप्रैल को वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे. इसके बाद उनकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की संभावना है, जिसमें बिहार की भावी राजनीतिक दिशा और नई सरकार के गठन को लेकर अहम चर्चा हो सकती है. नीतीश कुमार के दिल्ली जाने पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने उन पर निशाना साधा है. 

नीतीश कुमार पर रोहिणी का तंज

लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य नीतीश को मौकापरस्त बता रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार को "नीतीश चाचा" कहकर उनकी एक फोटो भी पोस्ट की है. इसमें उन्होंने लिखा, "बनकर भीगी बिल्ली, चाचा चले गए आज दिल्ली.." उन्होंने आगे लिखा, "सही कहा गया है, "मौकापरस्ती और धोखा बिना भुगतान के पीछा नहीं छोड़ते. भुगतना पड़ गया ना, चाचा जी. एक-दो दिन में छिन जाएगी कुर्सी और टूट जाएगा नाता सियासत-ए-बिहार से. काश, आप बिना पलटी मारे रह पाते."

दिल्ली में नीतीश कुमार, लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ

सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार की राजनीति का केंद्र दिल्ली रहने वाला है. शुक्रवार को नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक भी प्रस्तावित है. बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इसी बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर लगभग सहमति बन सकती है.

14 अप्रैल को सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इस्तीफे के तुरंत बाद एनडीए विधानमंडल दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन कर बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी.

ये भी पढ़ें- ...तो 15 अप्रैल तक मिल जाएगा बिहार को नया सीएम? नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद रेस में सबसे आगे ये नाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Nitish Kumar, Lalu Yadav, Rohini Acharya, Nitish Kumar Rajyasabha Oath Ceremony
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com