विज्ञापन

26 करोड़ बजट, 11 साल इंतजार और 96 घंटे में बंद... बिहार में भ्रष्टाचार का नया 'फ्लाईओवर'

बक्सर की जिलाधिकारी साहिला ने बताया कि पुल में गंभीर तकनीकी खामियां हैं. पुल के पाया नंबर 5 और उसके आसपास के हिस्सों में बड़ी कमियां मिली हैं. इन कमियों को दूर करने और पुल को दोबारा यातायात के योग्य बनाने में कम से कम 6 महीने का समय लगेगा.

26 करोड़ बजट, 11 साल इंतजार और 96 घंटे में बंद... बिहार में भ्रष्टाचार का नया 'फ्लाईओवर'
बक्सर:

बिहार में पुलों के ढहने और नए पुल के उद्घाटन के साथ ही दरार आने का मामला थम नहीं रहा है. ताजा मामला बक्सर जिले का है, जहां ₹26.40 करोड़ में बना इटाढ़ी रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण बन गया है. 11 साल के लंबे इंतजार के बाद 2 जून को जिस पुल का उद्घाटन हुआ, उसे महज 96 घंटे के भीतर सुरक्षा कारणों से बंद करना पड़ा. अभी स्थिति ये है कि पुल की कंक्रीट गायब हो चुकी है और सड़कों पर सिर्फ लोहे की छड़ें नजर आ रही हैं.

इस नए नवेले पुल का अप्रोच रोड और ऊपरी हिस्सा पूरी तरह उखड़ चुका है. ऐसा लगता है कि निर्माण में कंक्रीट की जगह सिर्फ खानापूर्ति की गई थी. पुल के पिलर नंबर 4, 5, 6 और 7 के ऊपर का ढांचा पूरी तरह दरक गया है. स्थिति इतनी खतरनाक है कि अब पूरे कंक्रीट को हटाकर नए सिरे से बनाई जा रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

शुरुआत में पुल निगम ने मामले को रफा-दफा करने और ठेकेदार पर हल्की कार्रवाई कर पर्दा डालने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया पर तस्वीरें आने के बाद सच छिप नहीं सका.

बक्सर की जिलाधिकारी साहिला ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुल में गंभीर तकनीकी खामियां हैं. पुल के पाया नंबर 5 और उसके आसपास के हिस्सों में बड़ी कमियां मिली हैं. इन कमियों को दूर करने और पुल को दोबारा यातायात के योग्य बनाने में कम से कम 6 महीने का समय लगेगा.

वहीं पुल की इस दुर्दशा पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर है. हमें लगा था कि इस पुल के बन जाने से हमारी परेशानी कम हो जाएगी, लेकिन लग नहीं रहा कि आने वाले हाल के दिनों में ऐसा कुछ हो पाएगा.

ये भी पढ़ें: डूब गई व्यवस्था, पानी में तैरने लगे क्वेश्चन पेपर; बारिश ने खोली शिक्षा विभाग की पोल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Government, Corruption, Buxar Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com