विज्ञापन

डूब गई व्यवस्था, पानी में तैरने लगे क्वेश्चन पेपर; बारिश ने खोली शिक्षा विभाग की पोल

बिहार के बक्सर में त्रैमासिक परीक्षा के लिए जो एग्जाम मटीरियल आया था, उसके बंडल अचानक बारिश के पानी के साथ बाहर निकल आए. इस घटना ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी.

डूब गई व्यवस्था, पानी में तैरने लगे क्वेश्चन पेपर; बारिश ने खोली शिक्षा विभाग की पोल
बिहार के बक्सर में दिखी शिक्षा की ऐसी तस्वीर

बिहार की शिक्षा व्यवस्था पानी में तैरती हुई नजर आई, जिसे देखकर लोगों को पहले तो हैरानी हुई, लेकिन बाद में सिस्टम को कोसते हुए सभी आगे बढ़ गए. मामला बक्सर जिले का है, जहां हुई तेज बारिश ने शिक्षा विभाग की ऐसी पोल खोली कि सब कुछ पानी-पानी हो गया. बक्सर जिला अंतर्गत त्रैमासिक परीक्षा ली जानी थी, जिसमें 9वीं, 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं की त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी के लिए बिहार बोर्ड की तरफ से क्वेश्चन पेपर और आंसर शीट्स भेजी गई थी, जिसे स्कूलों तक पहुंचाने के लिए तैयारी हुई, लेकिन बारिश ने पूरा खेल बिगाड़ दिया. जिन क्वेश्चन पेपर्स को छात्रों तक पहुंचना था, वो पानी में किसी कागज की नाव की तरह तैरने लगे. 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल स्कूल प्रिसिंपलों को कहा गया था कि तिमाही परीक्षा के लिए जो एग्जाम मटीरियल आया है, वो उठाकर ले जाएं. हालांकि पेपर्स स्कूल तक पहुंचने के पहले ही बाहर निकल गए, लेकिन इन्हें कोई गाड़ी में लेकर नहीं गया, बल्कि बारिश के पानी के साथ बहकर ये सिस्टम की पोल खोलने लगे. इस मामले में शिक्षा विभाग ने फिलहाल चुप्पी साध ली है, लेकिन सवाल है कि छात्रों के भविष्य के साथ ऐसा खिलवाड़ कैसे हुआ. 

विभाग के अधिकारियों ने संभाले बंडल

बिहार शिक्षा विभाग के सभी सेंटर्स पर ये बंडल पहुंचाए गए थे. बक्सर में मौजूद शिक्षा विभाग के सेंटर पर भी इन्हें पहुंचाया गया था, लेकिन बंडलों को ऐसी जगह रखा गया, जहां बारिश का पानी आसानी से घुस गया और वो इन बंडलों को अपने साथ लेकर चल पड़ा. सील बंद ये बंडल जब पानी में तैरते दिखे तो आसपास मौजूद लोग वीडियो बनाने लगे. ये देखते ही शिक्षा विभाग के अधिकारिकों के हाथ-पैर फूल गए और तुरंत उन्हें समेटा गया. 

इस मामले में फिलहाल किसी भी तरह का कोई एक्शन नहीं लिया गया है. मामला सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल है और लोग सवाल पूछ रहे हैं कि शिक्षा मंत्री ऐसे हालात पर क्या कर रहे हैं. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ ऐसा खिलवाड़ नहीं होना चाहिए. 

ये भी पढ़ें - बिहार में कागज वाली अर्जी बंद, सरकारी कर्मचारियों को ऑनलाइन मिलेंगी छुट्टियां; रहेगा पूरा रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Exam, Bihar Education Board, Bihar News, Bihar Education Department
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com