विज्ञापन

Bihar: भोजपुर में गरजा बुलडोज, धरहरा से पासवान चौक तक अवैध निर्माण जमींदोज, चप्पे-चप्पे पर तैनात थी पुलिस

Bihar News: भोजपुर जिला प्रशासन ने धरहरा से पासवान चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देश पर सड़क चौड़ीकरण के लिए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया. पढ़िए सैयद मिराज की ये रिपोर्ट.

Bihar: भोजपुर में गरजा बुलडोज, धरहरा से पासवान चौक तक अवैध निर्माण जमींदोज, चप्पे-चप्पे पर  तैनात थी पुलिस
सड़क किनारे बनाए गए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया
NDTV

Bulldozer Action in Ara: बिहार के आरा जिले के भोजपुर शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और लंबित सड़क परियोजनाओं को गति देने के लिए भोजपुर जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ा एक्शन लिया. जिसके तहत बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर  धरहरा से पासवान चौक तक प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बनाए गए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. यह कार्रवाई जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के  कड़े निर्देश पर की गई .

विकास में बाधक नहीं बनेगा अतिक्रमण: प्रशासन

कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, धरहरा से पासवान चौक पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. खासकर सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर जाम की समस्या गंभीर रूप ले लेती थी. आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था.

अतिक्रमण हटाना बेहद आवश्यक था

सड़क परियोजना को लेकर प्रशासन सख्त अधिकारियों ने बताया कि पासवान चौक से धरहरा तक प्रस्तावित सड़क परियोजना को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद आवश्यक था. जिसमें सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में अवैध कब्जे सबसे बड़ी बाधा बन रहे थे.

अवैध निर्माण ढहाता हुआ प्रशासन

अवैध निर्माण ढहाता हुआ प्रशासन
Photo Credit: NDTV

बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप

 जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से बनाए गए कई पक्के ढांचों को चिह्नित कर ध्वस्त किया. बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क दिखा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो. हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया.

यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस इलाके में अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी. सड़क किनारे दुकानें और अस्थायी ढांचे बनने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई थी. कई बार जाम की स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंस जाते थे. लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा.

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

अभियान के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक भूमि और सड़क पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा। शहर के अन्य इलाकों में भी अतिक्रमण को चिह्नित किया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस बल की रही तैनाती

'अतिक्रमण हटाओ अभियान' को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. किसी प्रकार के विरोध या तनाव की आशंका को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. महिला पुलिसकर्मियों को भी अभियान में शामिल किया गया था. प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी की.अभियान के दौरान कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने अस्थायी अतिक्रमण हटा लिए, जबकि कुछ स्थानों पर प्रशासन को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी.

यह भी पढ़ें: नालंदा में जबरन रजिस्ट्री कर दबंगों ने हड़पी बुजुर्ग की जमीन, बेरहमी से हत्या कर शव पईन में फेंका
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com