विज्ञापन

कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में ठंड और प्रदूषण, कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी, राजस्थान-बिहार समेत 10 राज्यों में बारिश

कल का मौसम, 13 नवंबर 2026: IMD ने कल देश के 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसमें उत्तर भारत से लेकर दक्षिण के राज्य शामिल हैं. जानिए आपके यहां कल कैसा मौसम रहेगा.

कल का मौसम: जानिए कहां होगी बारिश Weather Update
IANS

Kal Ka Mausam 13 november 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर भारत के राज्यों में एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है. इसके प्रभाव से राजस्थान से लेकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड तक बारिश का अलर्ट है. वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश की संभावना है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 13 नवंबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में ठंड और प्रदूषण

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. नवंबर का महीना आधा बीत चुका है और ठंड ने दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में लगातार पारा नीचे गिर रहा है. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है. सुबह और शाम की कड़ाके की ठंड के साथ-साथ अब लोगों को दिन में भी हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा. कल दिल्ली-एनसीआर में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जो दोपहर या शाम तक पूरी तरह बादलों से घिर सकते हैं. सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा देखने को मिलेगा. कल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. अधिकतम तापमान 28°C से 30°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रहने का अनुमान है.

मौसम में आ रहे इस बदलाव के साथ ही वायु प्रदूषण ने भी अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है. एक्यूआई के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब यानी 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गई है. दिल्ली के प्रमुख इलाकों की बात करें तो आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 416 दर्ज किया गया है, जो कि खतरनाक स्तर पर है. आईटीओ क्षेत्र में एक्यूआई 399, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 302, जहांगीरपुरी में 342, झरोदा कलान में 304 और जेएनयू में एक्यूआई 380 तक पहुंच गया है. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद की हवा भी लगातार जहरीली होती जा रही है. नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 387 तक पहुंच गया है, जो 400 के आंकड़े के बेहद करीब है. वहीं, गाजियाबाद की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है. यहां लोनी में एक्यूआई 315, न्यू तहसील-लोनी में 304, संजय नगर में 322, वसुंधरा में 307, वेद विहार-लोनी में 319 और वेव सिटी में एक्यूआई 322 दर्ज किया गया है.

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी

कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई है. इसके कारण दिन के तापमान में कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. अधिकारियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों समेत कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रात भर बर्फबारी हुई. उन्होंने बताया कि गुरेज और कुपवाड़ा के ऊपरी इलाकों के साथ-साथ जोजिला दर्रे तथा दक्षिण कश्मीर के शोपियां में मुगल रोड पर भी बर्फबारी की सूचना है. अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले जोजिला दर्रे पर बर्फ जमा होने के कारण इस राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है.

मौसम विभाग ने शुक्रवार दोपहर तक मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया है. कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश या बर्फबारी होने की भी संभावना है. आईएमडी के अनुसार, 14 से 15 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

राजस्थान में बारिश के आसार

राजस्थान और उसके आस पास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14-15 नवंबर को प्रदेश के कई स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बरसात होने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, इसके मुताबिक राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः सूखा रहेगा. मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में 16 नवंबर से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी.

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम बदल गया है. दोनों ही राज्यों में बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं और ठंड का अहसास बढ़ने लगा है. कल पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों ही क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा. यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है और न ही किसी प्रकार का कोई मौसम अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कल बिहार में भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. दिन में मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश या किसी भी तरह की चेतावनी की कोई संभावना नहीं है. हालांकि कल के बाद मौसम में बदलाव होगा और बादल छा सकते हैं.

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और पंजाब में बारिश

कल हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. राज्य में कल कहीं-कहीं आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से कल पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
हिमाचल प्रदेश
उत्तराखंड
पंजाब
तमिलनाडु 
पुडुचेरी
केरल
लक्षद्वीप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Weather Tomorrow, Weather Tomorrow Update, Weather Update, Weather Update Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com