Gopalganj News: बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने का जिम्मा जिन कंधों पर है, वही अब इस काले कारोबार में लिप्त पाए जा रहे हैं. गोपालगंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को लग्जरी कार में शराब की तस्करी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पकड़े गए जवानों के पास से 300 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब बरामद हुई है.
विधायक का बॉडीगार्ड और SP ऑफिस का जवान शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. इनमें से एक राहुल कुमार है, जो पुलिस अधीक्षक (SP) के टेक्निकल सेल में तैनात था. वहीं, दूसरा आरोपी अमित कुमार सत्ताधारी दल JDU के विधायक मंजीत सिंह का सरकारी बॉडीगार्ड है.
आधी रात को फिल्मी अंदाज में पकड़े गए
घटना मंगलवार देर रात की है, जब गोपालपुर पुलिस यूपी-बिहार बॉर्डर पर वाहनों की तलाशी ले रही थी. रात करीब 12:30 बजे एक निजी ब्रेजा कार को रोका गया. सदर एसडीपीओ प्रांजल के मुताबिक, अमित कुमार विधायक आवास की ड्यूटी छोड़कर राहुल के साथ यूपी से शराब की खेप लाने गया था. बिहार सीमा में घुसते ही पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों धरे गए. सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है.
विधायक बोले- 'मुझे पहले से था शक'
इस मामले पर जब JDU विधायक मंजीत सिंह से सवाल किया गया, तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया. विधायक ने कहा कि उन्हें अपने बॉडीगार्ड अमित की हरकतों पर पहले से संदेह था. उन्होंने दावा किया कि चार दिन पहले ही उन्होंने अमित को ड्यूटी से हटाने के लिए विभाग को पत्र लिखा था, लेकिन उस पर कार्रवाई होने से पहले ही वह शराब तस्करी में पकड़ा गया.
दोनों पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड
गोपालगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी जवानों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी की आड़ में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ें:- 6 राज्यों से तस्करी कर बिहार लाई गईं 44 लड़कियां, भोजपुरी फिल्म में हीरोइन बनाने की कहकर करवाते थे अश्लील डांस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं