विज्ञापन

अरवल में ऑटो से खींचकर वकील के पत्नी को मारी गोली; मौके पर ही तोड़ा दम, कोर्ट से गवाही देकर लौट रही थी

अरवल कोर्ट से गवाही देकर लौट रही महिला शोभा कुमारी की बाजितपुर मोड़ के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई. पूर्व पति समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच और छापेमारी जारी.

अरवल में ऑटो से खींचकर वकील के पत्नी को मारी गोली; मौके पर ही तोड़ा दम, कोर्ट से गवाही देकर लौट रही थी
अरवल में महिला की गोली मारकर हत्या, कोर्ट से लौटते वक्त ऑटो रोककर किया गया हमला
अरवल:

बिहार के अरवल जिले में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. अरवल न्यायालय में गवाही देकर लौट रही एक महिला की बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने ऑटो से खींचकर गोली मारकर हत्या कर दी. घटना जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर बाजितपुर मोड़ के पास हुई. बताया जा रहा है कि महिला अपने दूसरे पति के साथ घर लौट रही थी, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने ऑटो को रोक लिया. देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग हुई और महिला की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. अरवल से NDTV के लिए विश्वनाथ प्रताप यादव की रिपोर्ट.

गवाही देकर लौट रही थी महिला

मृतका की पहचान 28 वर्षीय शोभा कुमारी के रूप में हुई है. वह अपने दूसरे पति पप्पू कुमार के साथ अरवल न्यायालय में एक मामले में गवाही देने गई थी. कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने के बाद दोनों ऑटो से जहानाबाद की ओर लौट रहे थे. NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही ऑटो करपी थाना क्षेत्र के बाजितपुर मोड़ के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बाइक सवार अपराधियों ने उसे रोक लिया.

ऑटो से खींचकर मारी गोली

पुलिस के अनुसार अपराधियों ने सीधे शोभा कुमारी को निशाना बनाया. आरोप है कि बदमाशों ने महिला को ऑटो से जबरन नीचे उतारा और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. हमले में शोभा कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति पप्पू कुमार बाल-बाल बच गए.

शरीर पर मिले गोली लगने के कई निशान

सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि महिला के शरीर पर चार गोलियों के निशान पाए गए हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला को कितनी गोलियां लगी थीं और मौत का सटीक कारण क्या रहा.

पुलिस ने शुरू की जांच, एफएसएल ने जुटाए सैंपल

घटना की सूचना मिलते ही करपी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस उपाधीक्षक कुमार संजय ने बताया कि घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं. जांच एजेंसियां घटनास्थल और पूरे घटनाक्रम को जोड़कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं.

पूर्व पति पर हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका का अपने पूर्व पति रविंद्र राम के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. मृतका के दूसरे पति पप्पू कुमार के बयान पर पुलिस ने पूर्व पति रविंद्र राम सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे पुराना पारिवारिक विवाद एक अहम कारण हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

दो लोग हिरासत में, छापेमारी जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें : झांसी के रेस्टोरेंट में LLB छात्र की गोली मारकर हत्या, पीतांबरा माई के दर्शन कर दोस्त संग डिनर पर गया था युवक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arwal Murder, Bihar Crime, Firing Case, Witness Murder, Bihar Firing Incident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com